Monday, January 26

आज दोबारा होगा इलेक्ट्रिक सिटी बसों के नए रूटों का सर्वे

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 20 जनवरी (प्र)। देहात के रूटों से हटाकर नगर निगम की सीमा में इलेक्ट्रिक सिटी बसों को चलाने के लिए मंगलवार को एक बार फिर सर्वे किया जाएगा। किराये में फर्क होने के कारण दोबारा सर्वे कराने का निर्णय लिया गया। बुधवार से देहात के रूटों से सिटी बसों को हटा दिया जाएगा। नगरीय बस सेवा में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें हैं, जिनमें कई बसें इलेक्ट्रिक फॉल्ट के चलते डिपो में खड़ी हैं तथा आठ डीजल चलित वोल्वो बसें हैं।

गत वर्ष तक महानगर में एक स्थान से दूसरे स्थान के लिए और देहात से महानगर को जोड़ने वाले कुल 16 रूटों पर सीएनजी की 80 बसों जिनमें लो फ्लोर बस और मिनी बसों का संचालन किया जा रहा था। इनमें दस रूट देहात को महानगर से जोड़ने वाले थे, जबकि छह रूट शहर के अंदर के थे। धीरे-धीरे सीएनजी बसें खराब होती गई। इनकी मेंटीनेंस पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद गत वर्ष आयु पूरी होने के कारण इन 80 बसों को रूटों से हटा दिया गया। इनके स्थान पर 50 इलेक्ट्रिक बसें नगर बस सेवा को मिलीं। देहात से जुड़े चार रूटों पर 21 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है। हाल ही में नगर विकास विभाग ने इलेक्ट्रिक सिटी बसों को केवल नगर निगम की सीमा के अंदर ही संचालित करने के आदेश दिए हैं। इसी के अनुपालन में अब देहात के सभी रूटों से इलेक्ट्रिक सिटी बसों को हटाया जाएगा।

मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लि. के अधिकारियों ने सभी मैट्रो स्टेशन से जोड़ते हुए सात रूट तैयार किए हैं। इनपर सिटी बसें चलाने की योजना है। मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लि. के अधिकारियों को उम्मीद है कि शहर के अंदर नमो भारत व मेट्रो ट्रेन का संचालन होने से सिटी बसों के यात्रियों में बढ़ौत्तरी होगी। इन रूटों का सर्वे किया गया था और किराया सूची तैयार की गई थी। मंगलवार से सभी देहात के रूटों से इलेक्ट्रिक बसों को हटाकर शहर में संचालित करने की योजना शुरू की जानी थी, लेकिन सोमवार की देर शाम अधिकारियों की बैठक में किराये में फर्क आने पर मंगलवार को रूटों का पुनः सर्वे कराने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही किराया सूची में संशोधन करके बुधवार से देहात के रूटों से हटाकर महानगर में सिटी बसों को संचालित किया जाएगा।

मेट्रो के इन स्टेशनों के लिए चलाई जा रहीं सिटी बसें
रूट का नाम स्टेशनों का नाम

राधा गोविंद कालेज से ए टू जेड कालोनी मोदीपुरम, मेरठ ।
नार्थ, डोरली, एमईएस कालोनी, बेगमपुल।
सिटी स्टेशन से गंगा नगर वाया बेगमपुल भैंसाली, बेगमपुल ।
ए टू जेड कालोनी से मेरठ साउथ वाया बाईपास मोदीपुरम, मेरठ नार्थ, मेरठ साउथ ।
बेगमपुल से मेरठ साउथ वाया रोहटा रोड मेरठ साउथ, व बेगमपुल।
बेगमपुल से मेरठ साउथ वाया मेट्रो प्लाजा बेगमपुल, भैंसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रहमपुरी, शताब्दीनगर, रिठानी, मेरठ साउथ ।
मेडिकल से सिटी स्टेशन भैंसाली।
मेरठ से मोदीनगर भैंसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, शताब्दीनगर, रिठानी, मेरठ साउथ ।

आज पुनः होगा रूट का सर्वे: सचिन
मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लि. डिपो मैनेजर सचिन सक्सेना का कहना है कि नए रूटों का मंगलवार को पुनः सर्वे होगा। इसके बाद ही बुधवार से देहात के रूटों पर इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन बंद करके उन्हें महानगर के भीतर संचालित किया जाएगा।

Share.

About Author

Leave A Reply