मेरठ, 26 फरवरी (दैनिक केशर खुशबू टाईम्स)। भारतीय मजदूर संघ की केंद्रीय कार्यसमिति के आह्वान पर गत दिवस जनपद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर श्रमिकों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा।
गत दिवस सभी पदाधिकारी संगठन के झंडे व बैनर लेकर कार्यकर्ता चौधरी चरण सिंह पार्क में एकत्रित हुए। जिलाध्यक्ष विनय शर्मा ने कहा कि गत दिवस श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री, श्रम मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के तहत ज्ञापन दिया गया। जिला महामंत्री अनुज ने कहा कि परिवहन विभाग में मृतक आश्रितों की नियुक्तियां शीघ्र की जाएं। केनरा बैंक फेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री अनुज त्यागी ने बैंकों में शासन की भांति पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने तथा आइपीएल (इंसेंटिव परफार्मेंस लिंक्ड) व्यवस्था लागू करने की मांग की। शुगर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने न्यूनतम वेतन अधिनियम 1965 के अंतर्गत श्रमिकों को वेतन दिए जाने तथा महंगाई दर के अनुसार डीए की उचित गणना किए जाने की मांग की। मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट इकाई अध्यक्ष अर्जुन त्यागी ने सिटी बसों के स्थायी अड्डे, समय पर वेतन, चालक-परिचालकों के लिए बीमा सुविधा की मांग की। एनएचएम, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने तथा अन्य मांगें उठाई गई।
समस्याओं को लेकर भारतीय मजदूर संघ का कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन
Share.
