मेरठ 25 मार्च (प्र)। मेरठ में 5 दिवसीय हनुमंत कथा का शुभारंभ हो गया। बागेश्वर धाम के मुख्य आचार्य पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कथा की शुरुआत श्री राम जय जय राम आरती से की। उनके साथ भक्तों ने भी आरती गाई। आरती के बाद पूरे पंडाल में जय जय राम की जयकार सुनाई देने लगी।
धीरेंद्र शास्त्री ने पांडाल में मौजूद भक्तों को भगवान श्रीराम के बारे में बताया। उनके चरित्र से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने कहा- हर किसी को प्रभु श्रीराम और माता सीता के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। लक्ष्मण से भाई होने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने भगवान राम और मां सीता का भजन गाया तो भक्त खुद को रोक नहीं सके। उठ कर डांस करने लगे।
कथा सुननने के लिए उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, बिहार जैसे प्रदेशों से भी लोग पहुंच रहे हैं। पंडित धीरेंद्र शास्त्री की वेस्ट यूपी में यह पहली कथा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर विपिन ताड़ा का कहना है कि कथा में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को कथा की वजह से शहरवासियों को परेशानी ना हो इसके लिए रूट प्लान भी तैयार किया गया है। आयोजकों के अनुसार कथा में पांच राज्यों के लाखों श्रद्धालुओं की पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। उसी अनुसार तैयारियां भी की गई हैं।
बताते चले कि 25 से 29 मार्च तक 5 दिन चलने वाली कथा में करीब 15 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। यहां रुद्रावतार हनुमान के चरित्र, उनकी जीवन लीलाओं के प्रसंग सुनाए जाएंगे। हर दिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक कथा सुनाई जाएगी। कथा का आयोजन मेरठ के 61 लोग मिलकर कर रहे हैं। 5 दिन में करीब 5 करोड़ का खर्च आ रहा है। कथा के मुख्य आयोजक नीरज मित्तल हैं। संजय त्रिपाठी, गणेश अग्रवाल और राजेश खन्ना सहयोगी हैं।