मेरठ 24 मार्च (प्र)।थाना लोहियानगर पुलिस ने चोरी की घटना का सिर्फ 11 घंटे में खुलासा करते हुए पूरी धनराशि और आभूषण बरामद कर लिए। पुलिस ने यह भी उजागर कर दिया कि चोरी की घटना झूठी थी। पुलिस ने 35 लाख रुपये और 31 तोला सोने के आभूषण वादी के ही दामादों के घर से बरामद किए। वहीं एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर रही है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि 22 मार्च डॉ. हाजी इदरीश मलिक पुत्र हाजी अब्दुल रहमान निवासी 30 फुटा रोड, हरी मस्जिद के पास, समर गार्डन, थाना लोहियानगर, मेरठ ने थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 21 मार्च की रात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर रखे 35 लाख रुपये और करीब 31 तोला सोने के आभूषण चोरी कर लिए हैं।
दामादों के घर से बरामद हुआ पूरा सामान
पुलिस टीम ने 23 मार्च 2026 को कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के घरों से पूरी धनराशि और आभूषण बरामद कर लिए। बरामदगी में 35 लाख रुपये नकद और 31 तोला सोने के जेवर शामिल हैं। पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में पुलिस को मात्र 11 घंटे का समय लगा। बरामदगी के बाद पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि वादी द्वारा दी गई चोरी की सूचना पूरी तरह असत्य थी।
सीसीटीवी खंगाले, परिवार से की गहन पूछताछ
पुलिस टीम ने तकनीकी और मैनुअल दोनों स्तरों पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 112 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आसपास के इलाके और संभावित मार्गों को कवर किया गया। स्थानीय लोगों और वादी के परिवारजनों से भी पूछताछ की गई। शुरुआती जांच में ही संदिग्ध बिंदु नजर आए। घर में प्रवेश के स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले और न ही सीसीटीवी फुटेज में कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। इससे पुलिस का संदेह गहराया और जांच का फोकस परिवार के भीतर की गतिविधियों पर केंद्रित किया गया।
जांच में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई
लगातार पूछताछ के बाद पुलिस के सामने जो सच्चाई आई, वह हैरान करने वाली थी। जांच में पता चला कि वादी की पत्नी ने ही घर में रखे 35 लाख रुपये और करीब 31 तोला सोने के आभूषण अपने दो दामाद को दे दिए थे। इनकी पहचान परवेज पुत्र साबुद्दीन निवासी ढवाई नगर, मोती मस्जिद, थाना नौचंदी और आदिल पुत्र नफीस निवासी समर गार्डन, थाना लिसाड़ी गेट के रूप में हुई। यह तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल दोनों स्थानों पर दबिश दी।
