Thursday, October 24

जुआ खेलने के विरोध पर पूर्व पार्षद का सिर फोड़ा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 24 अक्टूबर (प्र)। भगवतपुर में घर के पास जुआ खेलने का विरोध करना पूर्व पार्षद को भारी पड़ गया। करीबन आधा दर्जन दबंगों ने विरोध करते पूर्व पार्षद के साथ मारपीट की। दबंगों की मारपीट के दौरान पूर्व पार्षद का दांत टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता थाने पहुंच गए और आरोपियों पर कार्यवाही की मांग को लेकर जमकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने पूर्व पार्षद को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित भगवतपुरा का रहने वाला नितिन बच्चन पूर्व पार्षद है। भाजपा से भगवतपुरा मंडल के उपाध्यक्ष पद पर तैनात है। नितिन का आरोप है कि उनके मकान के पास एक युवक जो केबल कारोबारी है अपने साथियों साथ जुआ खेलता है। जिसका पूर्व पार्षद कितनी बार विरोध कर चुका है।

पूर्व पार्षद का कहना है कि बुधवार देर रात वह अपने काम से फ्री होकर घर आया, तो आरोपी अपने साथियों के साथ उनके घर के सामने जुआ खेल रहा था। पूर्व पार्षद ने दबंगों का विरोध किया। आरोपी केबल कारोबारी ने अपने साथियों के साथ पूर्व पार्षद पर हमला कर दिया। उसे लाठी डंडों और धारदार हथियारों से पीटना शुरू कर दिया। दबंगों के हमले में पूर्व पार्षद गंभीर रूप से घायल हो गया और दांत भी टूट गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और घमासान हो गया। किसी तरह पूर्व पार्षद बचकर थाने जाने लगा। आरोप है कि दबंगों ने उसे भूमिया के पुल पर रोक लिया और वहां भी मारपीट कर दी। दबंगों द्वारा मारपीट में वह बेहोश हो गया।

मामले की जानकारी मिलने पर उसके परिवार वाले मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा और अन्य भाजपा नेताओं को सूचना दी। परिवार के लोग नितिन को लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने दबंगों के खिलाफ तहरीर देकर गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान भाजपा नेता भी थाने में पहुंच गए। जिन्होंने दबंगों की गिरफ्तारी को लेकर थाने में जमकर हंगामा कर दिया।
पुलिस ने दबंगों की तलाश में दबिश दी। लेकिन वह हाथ नहीं आए।

Share.

About Author

Leave A Reply