Saturday, July 12

खुशखबरी : इसी सत्र से शुरू होगा राज्य का पहला खेल विवि

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 05 मई (प्र)। मेरठ और आसपास के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। मेरठ में बन रहा मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय इसी सत्र से शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद तेजी से तैयारी चल रही है। उम्मीद है कि जुलाई-अगस्त से सत्र प्रारंभ हो जाएगा। विश्वविद्यालय की गवर्निंग बॉडी की 16 मई को होने वाली बैठक में इस पर अंतिम फैसला होगा।

गत नौ मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के सलावा में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया था। मुख्यमंत्री ने सारे कार्य अक्तूबर तक पूर्ण करने का निर्देश दिए थे। साथ ही कहा था कि खेल विश्वविद्यालय का शैक्षिक वर्ष 2025-26 से ही संचालित किया जाए। तब से अब तक 65 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। निर्माण पर 160 करोड़ से अधिक की राशि खर्च हो गई है। खेल विवि में कुलपति, प्रभारी रजिस्ट्रार काम कर रहे हैं। बाकी पदों पर इसी महीने नियुक्ति की संभावना है। शासन का प्रयास है कि अस्थायी तौर से जुलाई-अगस्त में सत्र प्रारंभ कर दिया जाए।

वेबसाइट भी हो गई तैयार
खेल विश्वविद्यालय की वेबसाइट तैयार हो गई है। इस पर निर्माण कार्यों की स्थिति और उसके स्वरूप को प्रदर्शित किया गया है। हालांकि शैक्षिक सत्र पर अभी कोई अपडेट नहीं दिया गया है।

छह मई को खेल मंत्री करेंगे निरीक्षण
छह मई को प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव मेरठ और सहारनपुर के दौरे पर आ रहे हैं। सहारनपुर में र्स्पाेट्स कालेज और मेरठ में खेल विश्वविद्यालय के कार्याे का निरीक्षण करेंगे।

मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय कुलपति मेजर जनरल (रि.) दीप अहलावत का कहना है कि 16 मई को खेल विश्वविद्यालय की गवर्निंग बॉडी की बैठक बुलाई गई है। बैठक में ही सभी बिन्दुओं पर विचार होगा।

Share.

About Author

Leave A Reply