मेरठ, 21 अप्रैल (प्र)। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे खरखौदा-बिजौली में औद्योगिक गलियारे का काम शुरू हो गया है। 214 हेक्टेयर भूमि पर चहारदीवारी और अन्य काम शुरू करने के लिए एक कंपनी ने कार्यालय खोल दिया है। यह पहल क्षेत्र में औद्योगिक वृद्धि और रोजगार सृजन की नई उम्मीदें जगा रही है।
पहले चरण में किसानों से भूमि खाली कराई जाएगी। इसके बाद चहारदीवारी का काम शुरू होगा। चयनित कंपनी औद्योगिक इकाइयों को भूखंड तैयार करके देगी। सीवर, बिजली व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराएंगी। मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे बनकर तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को इसका उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेसवे यूपी के 12 जिलों से गुजरता है। इसके किनारे 11 जिलों में औद्योगिक गलियारा विकसित किया जाएगा। कुल 506 हेक्टेयर भूमि औद्योगिक गलियारे के लिए चिह्नित की गई है। पहले चरण में मेरठ के खरखौदा-बिजौली में 214 हेक्टेयर भूमि पर ही नींव रखी जानी है। उप्र औद्योगिक एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले औद्योगिक गलियारे को विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए एक कंपनी का चयन किया गया है जिसने बिजौली में कार्यालय स्थापित कर लिया है। यह कंपनी औद्योगिक इकाइयों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करेंगी।
एक्सप्रेसवे किनारे औद्योगिक निर्माण का काम शुरू
Share.
