मेरठ/नई दिल्ली, 18 मार्च (प्र)। मेरठ से गैस सिलेंडर लेकर दिल्ली में कालाबाजारी करने का मामला पकड़ा गया है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जामिया नगर इलाके में पुलिस ने गैस सिलेंडरों की अवैध तस्करी और कालाबाजारी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 62 एलपीजी सिलेंडर और तस्करी में इस्तेमाल होने वाला वाहन बरामद किया है। शाहनवाज ने पुलिस को बताया कि मेरठ के ललियाना से उसका साथी मुकेश के साथ यह काम करता है। पुलिस मुकेश की तलाश में जुट गई है।
पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के अनुसार, 16 मार्च को जामिया नगर थाने के हेड कांस्टेबल विजय और विक्रम गश्त पर थे। यमुना पुस्ता, गली नंबर 39 के पास उन्हें एक टाटा ऐस (छोटा हाथी) वाहन संदिग्ध अवस्था में मिला। वाहन के पास खड़े व्यक्ति की पहचान 28 वर्षीय शाहनवाज के रूप में हुई। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में गैस सिलेंडर लदे मिले।
पुलिस ने कुल 62 सिलेंडर (48 भरे हुए और 14 खाली) जब्त किए हैं। एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के संबंधित नियमों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दिल्ली पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी शाहनवाज ने खुलासा किया कि वह अपने साथी मुकेश के साथ मिलकर मेरठ के ललियाना गांव से सस्ते में सिलेंडर लाता था और दिल्ली के रिहायशी इलाकों में बिना रसीद के ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी मुकेश की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी शाहनवाज भी मेरठ का ही रहने वाला बताया जा रहा है।
हजारों की कमाई कर चुका है आरोपी
आरोपी शाहनवाज और फरार आरोपी मुकेश मेरठ से दिल्ली ले जाकर कालाबाजारी में सिलेंडर बेचकर हजारों की कमाई कर चुका है। पुलिस की पूछताछ में शाहनवाज ने बताया कि एक गाड़ी में 70 सिलेंडर लाकर बिक्री से सीधे 70 हजार रुपये की कमाई हुई थी। एक सिलेंडर में 1000 रुपये की कमाई हो रही थी।
