मेरठ 15 अप्रैल (प्र)। गंगानगर थाना क्षेत्र में मवाना रोड स्थित डिफेंस कॉलोनी में करोड़ों रुपये के घोटाले से जुड़े मुकदमों में गवाह 82 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्नल सुरेंद्र पाल सिंह पर मॉर्निंग वॉक के दौरान जानलेवा हमला कर दिया गया। दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोककर जमीन पर गिराया और हथौड़े से सिर व पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल कर्नल को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने शिकायती के आधार पर हमलवारों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस ने मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की हैं।
मवाना रोड स्थित डिफेंस कॉलोनी निवासी रिटायर्ड कर्नल सुरेंद्र पाल की तहरीर के अनुसार बुधवार सुबह वह रोजाना की तरह टहलने निकले थे. इसी दौरान अचानक एक सफेद रंग की कार पास आकर रुकी और कार से उतरे कुछ नकाबपोश बदमाशों ने बिना कुछ कहे मारपीट शुरू कर दी. वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े. बताया गया कि पहले उनके पैरों पर वार किए गए ताकि वे भाग न सकें, इसके बाद चेहरे और सिर पर हमला किया गया। हमले के दौरान हथौड़े का अगला हिस्सा निकल गया, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। घटनास्थल पर हथौड़े का डंडा और गमछा बरामद हुआ है।
घायल कर्नल सुरेंद्र पाल सिंह ने पुलिस को बताया कि डिफेंस कॉलोनी की सैनिक सहकारी आवास समिति में हुए करोड़ों रुपये के घोटालों के मामलों में लिपिक, सचिव और सहायक समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में वह और राजेश त्यागी गवाह हैं। कर्नल का आरोप है कि आरोपियों की ओर से उन्हें पहले भी अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी।
घटना के बाद कर्नल खुद गंगानगर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। इंस्पेक्टर गंगानगर और इंस्पेक्टर क्राइम की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।
बताते चले कि डिफेंस कॉलोनी की सैनिक सहकारी आवास समिति में पिछले करीब पांच वर्षों से विवाद चल रहा है। समिति के दस्तावेजों में गड़बड़ी, फर्जी बैठकें दिखाकर खातों से करोड़ों रुपये निकालने और कर संबंधी गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं।
इन आरोपों को लेकर गंगानगर थाने में अब तक करीब पांच मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पिछले दो वर्षों से समिति का काम अंतरिम समिति देख रही थी। मार्च 2026 में चुनाव के बाद नई समिति का गठन किया गया है।
