Monday, January 26

प्रदेश में तीसरा सबसे ठंडा शहर रहा मेरठ, अगले 3 दिन तक पड़ेगी कड़ाके ठंड

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 15 जनवरी (प्र)। रात में पाला, सुबह घना कोहरा और शीतलहर से बुधवार को मेरठ का दिन कांप उठा। धूप निकलने के बावजूद मेरठ में दिन के तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। मेरठ में मंगलवार की रात प्रदेश में दूसरे सबसे ठंडी जबकि बुधवार तीसरा सबसे ठंडा रिकॉर्ड हुआ।

भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम. शमीम के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते ठंड में और इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि 18 जनवरी तक शीतलहर से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

बुधवार को कोहरे, शीतलहर से मेरठ सहित वेस्ट यूपी के शहर कांपते रहे। मेरठ में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मंगलवार के सापेक्ष न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। मेरठ मंगलवार की रात प्रदेश में दूसरी सबसे ठंडी रही। गौतमबुद्ध नगर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रहा जो प्रदेश में सबसे कम है। सुबह कोहरा और दिन में शीतलहर चलने से अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। पारा 16 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। प्रदेशभर में मेरठ तीसरा सबसे ठंडा शहर रिकॉर्ड हुआ। बिजनौर में 13 और मुजफ्फरनगर में 14 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ जो क्रमशरू प्रदेश के पहले और दूसरे सबसे ठंडे शहर रहे। मेरठ का एक्यूआई 270 दर्ज हुआ।

18-20 जनवरी को संभावित बारिश वेस्ट यूपी का मौसम बदलने जा रही है। आज देर रात से हवाओं का रुख बदलकर दक्षिणी-पूर्वी होने से वेस्ट यूपी में शीतलहर और पाले पर ब्रेक लगने के आसार हैं। 20-21 जनवरी तक रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। मेरठ में तीन महीने से बारिश नहीं हो पाई है। ऐसे में संभावित बारिश से ना केवल तीन महीने का सूखा खत्म होगा बल्कि प्रदूषण एवं कोहरा भी धुल जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ और इसके 20-21 जनवरी तक मैदानों पर असर के चलते कड़ाके की सर्दी से राहत की उम्मीद है, लेकिन 23 जनवरी को बसंत पचंमी के बाद मैदानों में फिर से कड़ाके की सर्दी का दौर लौट सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार मेरठ सहित वेस्ट यूपी में अगले कुछ दिनों में हवाओं का रुख बदलने से कोहरे का असर बढ़ने के आसार हैं। नमी का स्तर बढ़ने से यह और घना हो सकता है। हालांकि दिन में मौसम साफ रहेगा। कल से दिन में कुछ हिस्सों में बादल छा सकते हैं। कल से रात के तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी का क्रम शुरू होने की उम्मीद है।

Share.

About Author

Leave A Reply