Saturday, July 27

गरीबों की लड़ाई लड़ रहे हैं विधायक अतुल प्रधान: सीमा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 29 नवंबर (प्र)। मेरठ कॉलेज के पास कुटिया पर जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान ने मीडिया से कहा कि सपा विधायक अतुल प्रधान गरीबों की लड़ाई लड़ रहे हैं। कुछ निजी डॉक्टर उन पर अमर्यादित टिप्पणी कर रहे हैं। विधायक के खिलाफ भक्षक जैसी टिप्पणी शर्मसार करने वाली है। चार दिसंबर के आमरण अनशन में कलक्ट्रेट पर जनसैलाब उमड़ेगा। जनता तय करेगी कि हमारी लड़ाई कहां तक जाएगी।

अतुल प्रधान को जनता ने विधायक बनाया है। हमारी लड़ाई आईएमए से नहीं व्यवस्था से है, हम पीछे नहीं हटेंगे, मुकदमों से हम डरने वाले नहीं जनता की आवाज उठाते रहेंगे। मरीजों से मोटा बिल लेने वाले डॉक्टरों की संपत्ति की जांच हो। कलक्ट्रेट में चिकित्सकों की पैदल यात्रा में सपा विधायक को भक्षक बताकर नारे लगाए गए थे।

मेरठ सपा प्रवक्ता विजय राठी ने कहा कि विधायक अतुल प्रधान पर अमर्यादित टिप्पणी चिकित्सकों की सोच जाहिर करती है। जनता के चुने विधायक पर टिप्पणी करने वाले निजी चिकित्सकों को शर्म आनी चाहिए। न्यूटिमा अस्पताल के पीड़ित राकेश से धक्का मुक्की पर बोले, जो आवाज उठाएगा डॉक्टर उसके साथ ऐसा ही व्यवहार करेंगे। डॉक्टर किस मानसिकता से काम कर रहे हैं। कुछ डॉक्टर, चिकित्सक नहीं भाजपा कार्यकर्ता है।

काला कुर्ता पहनकर विधानसभा पहुंचे अतुल
न्यूटिमा विवाद मामले में विधायक अतुल प्रधान मंगलवार को लखनऊ में विधानसभा में काला कुर्ता पहन कर पहुंचे। उनका कहना है कि काला कुर्ता उस व्यवस्था के खिलाफ है जो कुछ अस्पतालों में चल रही है। मोटे खिल बनाकर गरीब मरीजों की जेब खाली की जा रही है। वह इसका विरोध कर रहे हैं। उनका विरोध गरीब जनता के लिए है, जो जारी रहेगा। उन्हें सवा लाख जनता ने इसीलिए चुना था कि वह उनकी आवाज बन सकें। अब वह उनकी आवाज बन रहे हैं तो कुछ लोगों को दिक्कत हो रही है।

Share.

About Author

Leave A Reply