Saturday, March 14

24.41 करोड़ से मोहिउद्दीनपुर-गेझा सिवालखास मार्ग का होगा चौड़ीकरण, ऊर्जा राज्य मंत्री ने किया उद्घाटन

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 14 मार्च (प्र)। मेरठ के मोहिउद्दीनपुर क्षेत्र के ग्राम इकला में शुक्रवार को मोहिउद्दीनपुर से गेझा सिवालखास मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 24.41 करोड़ रुपये की लागत से यह सड़क परियोजना तैयार की जाएगी।

प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर ने क्षेत्रीय विधायक गुलाब मोहम्मद के साथ इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री सोमेंद्र तोमर ने फीता काटकर निर्माण कार्य की शुरुआत की।

इस अवसर पर मंत्री सोमेंद्र तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों और कस्बों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि मोहिउद्दीनपुर से गेझा सिवालखास तक जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ता है और लंबे समय से इसके चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद आवागमन तेज और सुरक्षित होगा, जिससे किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

विधायक गुलाब मोहम्मद ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सड़क बनने से स्थानीय निवासियों, किसानों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मेरठ देहात मंडल अध्यक्ष नवीन नेहरा, गन्ना सोसायटी के चेयरमैन दीपक राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नितिन कसाना, मोहिउद्दीनपुर के ग्राम प्रधान विजय नामदेव सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त किया।

Share.

About Author

Leave A Reply