Saturday, April 18

आबूनाले पर एलिवेटेड रोड और बेगमपुल पर फुट ओवरब्रिज बनाने की तैयारी

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 18 अप्रैल (प्र)। यातायात की सुगमता व सुरक्षा के लिए आबूनाले- दो पर एलिवेटेड रोड और बेगमपुल पर फुट ओवरब्रिज बनाने की तैयारी है। इसे लेकर शुक्रवार को कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने मैडा उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना और नगर आयुक्त सौरभ गंगवार के साथ स्थलीय भ्रमण किया। इसके साथ कंकरखेड़ा शिवचौक से अतिक्रमण हटाने के लिए वेंडिंग जोन विकसित करने व पार्किंग की सुविधा देने के लिए मौका मुआयना किया गया।

मेरठ समग्र विकास योजना के तहत आबूनाले पर बेगमपुल से विक्टोरिया पुल होते हुए जेलचुंगी से किला रोड पर एलिवेटेड रोड प्रस्तावित है। सेतु निगम 260 करोड़ का प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। मेरठ समग्र विकास योजना की नोडल एजेंसी मेरठ विकास प्राधिकरण है। विधायक ने आबूनाले पर प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की संभावनाओं का आकलन किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के धरातल पर उतरने से शहर के एक बड़े हिस्से को जाम से मुक्ति मिलेगी। इसी क्रम में बेगमपुल जैसे व्यस्ततम क्षेत्र में पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए फुट ओवरब्रिज के निर्माण पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।

कैंट विधायक ने कहा कि बेगमपुल से यशोदा कुंज तक लोक निर्माण विभाग सड़क निर्माण करने जा रहा है। संभव हो तो इसी प्रोजेक्ट में फुट ओवरब्रिज ले लिया जाए। यदि ऐसा न हो सके तो मेडा या नगर निगम इसका निर्माण कराएं। विधायक ने कहा कि कचहरी से बेगमपुल तक आने वाली रोड के पास से शुरू होकर दूसरी तरफ टेंपो स्टैंड के पास यह उतारा जाए। इससे लालकुर्ती, दयानंद नर्सिंग होम और बेगमपुल नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो स्टेशन, आबूलेन बाजार को आने-जाने वाले पैदल यात्रियों को मुख्य रोड क्रास नहीं करनी पड़ेगी। वह फुट ओवरब्रिज से सुरक्षित आ-जा सकेंगे। मेडा उपाध्यक्ष व नगर आयुक्त ने इस पर विचार करने का आश्वासन दिया।

जटौली तालाब किनारे लगाएं लंगूर के कटआउट
विधायक ने जटौली तालाब का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने कहा कि यहां बंदरों के आने से लोगों का घूमना-फिरना बंद हो रहा है। लंगूर के कटआउट लगाएं। इससे बंदरों के आना कम होगा। साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी लगाई जाए। जटौली नाले को दिल्ली दून हाईवे तक आरसीसी के माध्यम से पक्का करने और उसके साथ सड़क निर्माण कार्य की स्थिति देखी। कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

शिवचौक पर सुंदरीकरण के साथ जनसुविधाएं बढ़ेंगी
निरीक्षण के दौरान विधायक ने शिव चौक के सुंदरीकरण कार्य की समीक्षा की। मेडा उपाध्यक्ष को इसे अधिक आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त से सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाने के लिए ठेले वालों के लिए वेडिंग जोन विकसित करने को कहा। इसके लिए कंकरखेड में खाली जमीन भी दिखाई। वहीं कंकरखेडा फ्लाईओवर के नीचे खाली पड़ी जमीन का सदुपयोग करते हुए वहां पार्किंग, पार्क और पाथ-वे विकसित करने की योजना पर तेजी से काम करने का निर्देश दिया। कहा कि इससे न केवल क्षेत्र व्यवस्थित होगा, बल्कि स्थानीय दुकानदारों, ग्राहकों को वाहन खड़े करने के • लिए स्थान मिल सकेगा।

Share.

About Author

Leave A Reply