मेरठ 19 जून (प्र)। नगर निगम द्वारा बुधवार को बच्चा पार्क पर पुराने भूरे शाह के मजार के बराबर में बने अवैध मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इसको लेकर अतिक्रमणकारियों ने हंगामा कर विरोध जताया। उधर क्षेत्र के व्यापारियों व हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने अतिक्रमण का विरोध किया। अतिक्रमणकारियों ने पुनः अवैध मजार को स्थापित करने की कोशिश की। व्यापारियों ने इसकी शिकायत महापौर हरिकांत अहलूवालिया से की। महापौर मौके पर पहुंचे और निगम के अधिकारियों को वहां पुनः अतिक्रमण न होने देने और अतिक्रमण का प्रयास करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने अतिक्रमणकारियों को वहां से खदेड़ दिया। वहीं, दूसरी ओर जिला अस्पताल के सामने तीन अवैध दुकानों को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इसका अतिक्रमणकारियों ने विरोध किया। उनकी संपत्ति अधिकारी से नोकझोंक हुई, लेकिन टीम ने अपनी कार्रवाई को अंजाम दिया। शाम को अतिक्रमणकारियों ने पुनः अवैध मजार को वहां स्थापित करना शुरू किया तो क्षेत्र के व्यापारी इकट्ठा हो गए। उन्होंने विरोध किया। इसकी सूचना महापौर हरिकांत अहलूवालिया, क्षेत्र की पार्षद सुनीता प्रजापति, पार्षद अजय चन्द्रा और अन्य हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं को दी गई। महापौर समेत उक्त लोग मौके पर पहुंचे।
व्यापारियों ने कहा कि अवैध मजार को वह पुनः स्थापित होने नहीं देंगे। महापौर ने मौके का निरीक्षण करने के बाद नगर निगम के अधिकारियों को आदेश दिए कि वहां पुनः अतिक्रमण न होने दिया जाए। यदि कोई अतिक्रमण करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि वहां अतिक्रमण होने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने वहां अवैध रूप से नाले पर बनाई गई दीवार को भी तोड़ने के आदेश दिए।
नगर निगम के सहायक नगरायुक्त शरद पाल, संपत्ति अधिकारी भोलानाथ के निर्देशन में लेखपाल राजकुमार व प्रवर्तन दल ने बच्चा पार्क चौराहे से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। सबसे पहले सेंट थामस चर्च के आगे भूरे शाह के मजार के बराबर में बने एक अवैध मजार को बुलडोजर से क्षतिग्रस्त किया गया। इसका कुछ अतिक्रमणकारियों ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह मजार कई सौ वर्ष पुराना है। इसी बीच क्षेत्र के व्यापारी इकट्ठा हो गए। उन्होंने अवैध मजार को हटवाने की मांग की टीम ने बुलडोजर से अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। टीम ने यहां से फिल्मिस्तान रोड, छतरी वाले पीर रोड, अहमद रोड पर अतिक्रमण हटाया। नाले पर किए गए पक्के लिंटरों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। टीम ने जिला अस्पताल के सामने बनी तीन अवैध दुकानों पर बुलडोजर लगाया तो अतिक्रमणकारियों ने विरोध किया। उन्होंने हंगामा किया। संपत्ति अधिकारी भोलानाथ ने कहा कि उक्त दुकाने अवैध हैं। इसपर अतिक्रमणकारियों की उनसे नोकझोंक हुई। थाना देहली गेट पुलिस ने अतिक्रमणकारियों को हड़काकर खदेड़ दिया। इसके साथ ही तीनों दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया।