Tuesday, March 10

सेंट्रल मार्केट : ध्वस्तीकरण पर उलझन, कोर्ट में क्या जवाब देगा आवास विकास ?

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 10 मार्च (प्र)। सेंट्रल मार्केट ध्वस्तीकरण प्रकरण अब सीधे सुप्रीम कोर्ट की निगाहों में है। अदालत की ओर से अवैध निर्माण हटाने के लिए दी गई छह सप्ताह की समयसीमा समाप्त हो चुकी है। मंगलवार को कार्रवाई की चर्चा भी तेज है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आने से सवाल उठने लगे हैं कि यदि ध्वस्तीकरण नहीं हुआ तो अदालत में क्या रिपोर्ट पेश की जाएगी ? इसी को लेकर आवास एवं विकास परिषद और प्रशासन की भूमिका पर भी निगाहें टिक गई हैं। शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में अवैध निमाणों को लेकर मामला अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। 13 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में इस प्रकरण की सुनवाई निर्धारित है। अदालत के आदेश के अनुसार, अवैध निमाणों को हटाने के लिए प्रशासन को छह सप्ताह का समय दिया गया था, जो अब समाप्त हो चुका है। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की तैयारी की चर्चा है। जेसीबी चलाने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक प्रशासन की ओर से कार्रवाई को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है, जिससे पूरे मामले पर अटकलें बनी हुई हैं।?

27 फरवरी को भेजा पत्र, 10 मार्च के लिए मांगी फोर्स
इस संबंध में जब आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता अभिषेक राज से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सेंट्रल मार्केट प्रकरण में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की रिपोर्ट प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद को भेजी जानी है। वही रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि 27 फरवरी को आवास एवं विकास परिषद की ओर से ध्वस्तीकरण के लिए पुलिस फोर्स और मजिस्ट्रेट उपलब्ध कराने के संबंध में डीएम डॉ. वीके सिंह और एसएसपी अविनाश पांडे को पत्र भेजा जा चुका है। 10 मार्च को कार्रवाई के लिए परिषद की ओर से प्रशासन से आवश्यक सहयोग मांगा गया है। अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि तय समय के भीतर ध्वस्तीकरण नहीं होता है तो सुप्रीम कोर्ट में क्या स्थिति बताई जाएगी। माना जा रहा है कि मेरठ स्थित आवास एवं विकास परिषद के अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर प्रमुख सचिव अदालत में पक्ष रख सकते हैं। वहीं दूसरी ओर, व्यापारी संगठनों का कहना है कि कई दुकानदार स्वयं ही दुकानें बंद कर रहे हैं या तोड़फोड़ कर रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक स्पष्ट कार्रवाई सामने नहीं आई है। ऐसे में सभी की नजर अब अदालत और प्रशासन पर टिकी है।

लोगों का छिन जाएगा रोजगार, देर रात तक व्यापारी बनाते रहे रणनीति
सेंट्रल मार्केट के भूखंड संख्या 661/6 के ध्वस्तीकरण के बाद अब प्रशासन का शिकंजा और कस गया है। इलाके के 31 भूखंडों में बनी 90 दुकानों पर मंगलवार को बुलडोजर चलेगा। इस कार्रवाई की सुगबुगाहट ने व्यापारियों की नींद उड़ा दी है क्योंकि इस कार्रवाई से करीब 800 से 1000 लोगों का रोजगार सीधे तौर पर छिन जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले साल 25 और 26 अक्तूबर को हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में 22 दुकानदारों की रोजी-रोटी छिन गई थी।
मुश्किलों से जूझते हुए उन दुकानदारों ने अभी अपनी गाड़ी पटरी पर लौटानी शुरू ही की थी कि अब 90 और दुकानों को मंगलवार को ध्वस्त करने की तैयारी है। इन दुकानदारों को आवास एवं विकास परिषद दुकानें खाली करने के लिए अंतिम नोटिस भेज चुका है। व्यापारियों का कहना है कि एक तरफ राहत की उम्मीद जगाई गई और दूसरी तरफ ध्वस्तीकरण की तैयारी कर ली गई। व्यापारी नेता सतीश गर्ग ने बताया कि वास्तुविद नियोजक की ओर से नई शमन नीति के तहत पत्र मिल चुके हैं। व्यापारियों ने तो इस उम्मीद में होली भी मनाई और सरकार का आभार भी जताया था। ऐसे में अब अचानक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई समझ से परे है। जितेंद्र अग्रवाल अट्टू ने दो टूक कहा कि व्यापारी हितों की रक्षा के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

देर रात तक चली बैठक, टकराव के आसार
ध्वस्तीकरण की खबरों के बीच व्यापारियों ने देर रात तक गुप्त बैठक कर अपनी रणनीति तैयार की है। प्रशासन की सख्ती और व्यापारियों के गुस्से को देखते हुए मंगलवार को मौके पर भारी टकराव की स्थिति पैदा होने की प्रबल आशंका है। व्यापारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे अपनी दुकानों को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाएंगे।

नाम संपत्ति संख्या
अनिल कुमार यादव 7/2
नारायण दास 10/2
जितेंद्र अग्रवाल अट्टू 11/2
गोपी चंद 12/2
रीटा रानी उर्फ रीता सोबती 502/3
एचएल वर्मा 501/3
सुरेश कुमार 500/3
निधि शर्मा 499/3
राजेंद्र प्रसाद 498/3
हरीश खुराना, अनिल खुराना व पवन खुराना 492/3
सुरेश चंद गुप्ता 489/3
मिथलेश भारद्वाज 490/3
किरन शर्मा 654/3
लोकेश अग्रवाल 655/6
अरुणा अग्रवाल 657/6
रामजी लाल नारंग 658/6
सतीश वीरमानी 659/6
गुलशन ग्रोवर 660/6
अनुराग सोलंकी 663/6
संध्या गर्ग 664/6
मंगत राय 665/6
हरीश कुमार साहनी 666/6
रणवीर सिंह 667/6
अरविंद कुमार गुप्ता 669/6
महेंद्र कुमार गुप्ता 67016
नीता जैन 258/6
राजबाला 257/6
उमेश अग्रवाल 256/6
बिमला भूटानी 146/6
राम गोपाल गर्ग 145/6
सौरभ तिवारी 144/6

Share.

About Author

Leave A Reply