Friday, December 26

हाईवे पर रिटायर फौजी ने छात्रों से भरी बस पर की अंधाधुंध फायरिंग, 2 स्टूडेंट्स घायल

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 18 नवंबर (प्र)। हाईवे पर रिटायर फौजी ने छात्रों से भरी बस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फौजी ने अपनी बंदूक की सारी गोलियां बस पर बरसा दीं। जब बंदूक खाली हुई, तो गालियां देते हुए मौके से भाग निकला। पूरी घटना दिल्ली-देहरादून एनएच-58 की है।

यहां रविवार रात करीब पौने 12 बजे एक टूरिस्ट बस पल्लवपुरम के पल्हेड़ा पुल के पास पहुंची। यहां एक जोमैटो के फूड डिलीवरी बॉय की बाइक रिटायर फौजी की कार से टच हो गई। इसके बाद आरोपी उसे पीटने लगा। मारपीट होता देख छात्रों ने बस रुकवा दी और बीच-बचाव करने लगे।
आरोपी फौजी इस बात पर भड़क उठा। उसने छात्रों पर पिस्टल तान दी। फिर गाली देते हुए फायरिंग करने लगा। इस फायरिंग में एक छात्र घायल हुआ। बस में नोएडा के छात्र सवार थे, जो मसूरी से टूर कर वापस जा रहे थे।

छात्रों के मुताबिक- फिल्मी स्टाइल में फायरिंग की गई। आदमी बस के चारों तरफ घूम-घूमकर फायर कर रहा था। छात्रों ने बताया कि जब वह गाली दे रहा था, तब एक फूड डिलीवरी बॉय ने उसे रोका, तो उसने उसे पीट दिया। इसके बाद वह बस की खिड़की से अंदर घुस गया। एक छात्र की पिटाई कर दी। बस में मौजूद एमएलए के भतीजे ने चाचा को फोन पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम एक्टिव हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर किया गया। उसकी पहचान नितिन सिरोही के रूप में हुई है, वह आर्मी से रिटायर है।

ग्रेटर नोएडा के केसीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलाजी एंड मैनेजमेंट के 18 छात्रों का ग्रुप शुक्रवार को मसूरी घूमने गया था। इसमें तीन लड़कियां भी थीं। सभी छात्र बस से लौट रहे थे। 4 छात्र मेरठ के थे, जो यहां उतर गए। 14 छात्र-छात्राएं नोएडा के लिए जा रहे थे।

पल्लवपुरम के पल्हेड़ा पुल के समीप जोमैटो कर्मचारी अनिरुद्ध शर्मा खाना डिलीवरी करने जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक सुपरटेक निवासी रिटायर फौजी नितिन सिरोही की कार से टच हो गई। नितिन सिरोही उसे पीटने लगा। छात्रों ने जब बस की खिड़की से रिटायर फौजी को रोका, तो वह भड़क उठा। इसके बाद उसने छात्रों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। अपने कार के शीशे की भरपाई के लिए आरोपी ने छात्र वंश की कनपटी पर पिस्टल रखकर उसके पेटीएम से चार हजार अपने खाते में ट्रांसफर करा ली।

छात्रों ने बताया- वह हम लोगों से कह रहा था कि बाहर निकलो, सभी को मार डालूंगा। फौजी ने करीब 5 बार गोलियां चलाई। इसके बाद उसकी बंदूक खाली हो गई। तब वो गालियां देते हुए भाग निकला।

पुलिस ने रिटायर्ड फौजी और जोमैटो कर्मचारी को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए भेजा। दोनों छात्रों को भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। देर रात तक छात्र थाने में मौजूद रहे। पुलिस ने सभी के बयान दर्ज कर उन्हें नोएडा भेजा है।

दौराला शुचिता सिंह ने कहा कि पुलिस ने रिटायर्ड फौजी को गिरफ्तार कर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है। उसकी लाइसेंसी पिस्टल और कार कब्जे में ले ली गई है। छात्रों के स्वजन को भी जानकारी दे दी गई है।

Share.

About Author

Leave A Reply