Saturday, May 31

रूपल चौधरी ने रचा इतिहास, टीम इवेंट में जीता स्वर्ण

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 30 मई (प्र)। दोहा की धरती पर रूपल चौधरी ने अपनी रफ्तार से इतिहास लिख दिया। वह किसी भी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में एथलेटिक्स में लगातार तीन पदक जीतने वाली उत्तर भारत की पहली धावक बनी।

रूपल से पहले 2023 में आयोजित एशियन गेम्स में पारुल चौधरी ने 3000 मी स्टेपलचेज और 5000 मीटर दौड़ में दो पदक हासिल किए थे। इसके अलावा प्रीति पाल ने पैरा एशियन गेम्स में भी दो पदक हासिल किए थे। रूपल चौधरी भी 2020 में अमेरिका में आयोजित विश्व जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में लगातार दो पदक हासिल कर चुकी है। रिले में वह फिलहाल भारत की नंबर एक खिलाड़ी बनकर उभरी हैं।

रोहटा थाना क्षेत्र के शाहपुर जैनपुर गांव निवासी रूपल चौधरी प्रतियोगिता में टीम इवेंट में दो स्वर्ण और 400 मीटर दौड़ में रजत पदक मिलाकर कुल तीन पदक जीते हैं। बुधवार को उन्होंने 400 मीटर दौड़ में रजत और 4 गुणा 400 मीटर मिक्स रिले में स्वर्ण पदक जीता था। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव अनु कुमार ने बताया कि रूपल ने एक ही प्रतियोगिता में तीन पदकों पर कब्जा करने वाली उत्तर भारत की पहली धाविका बन गई हैं। वहीं बुधवार को रूपल ने 400 मीटर दौड़ के फाइनल में हिस्सा लिया और 52.17 सेकेंड का समय लेकर द्वितीय रही। बुधवार शाम को टीम इवेंट में 4 गुणा 400 मिक्स रिले में संतोष, विशाल, सुधा के साथ भाग लिया और स्वर्ण पदक जीता था।

रूपल के बुधवार को दो पदक जीतने के बाद गुरुवार को होने वाले मुकाबले को लेकर ग्राम वासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रूपल के मुकाबले को लेकर दोपहर से ही ग्रामीण अपने टीवी पर नजर गड़ाए रहे। पहले रूपल का मुकाबला शाम को 4:30 बजे शुरू होना था लेकिन बाद में टाइम चेंज होते हुए उनका मुकाबला शाम को 7:15 पर शुरू हुआ। ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखा।

रूपल चौधरी की उपलब्धियां
● 2022 में विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 4×400 मीटर रिले में रजत पदक और 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता।
● विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय
● राष्ट्रीय अंडर-20 फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण
● जापान में एशियाई रिले चैंपियनशिप में रजत पदक
● 28वें फेडरेशन कप 2025 में स्वर्ण पदक
● 26वीं एशियाई एथलेटिक चैंपियनशिप 2025 में मिक्स महिला रिले में स्वर्ण

Share.

About Author

Leave A Reply