मेरठ 02 जून (प्र)। परतापुर क्षेत्र में स्थित दिल्ली रोड किनारे संजय वन को अब नया रूप मिलने जा रहा है। यहां कई करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है।
आज ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने हवन-पूजन कर इस कार्य का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि संजय वन को 2026 तक एक बेहतरीन पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य मंत्री ने कहा कि यह वन वन्यजीव चेतना केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां पर्यावरण और जीव संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पहले चरण में शासन ने 1.77 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। इसके तहत वॉकिंग ट्रैक, पार्किंग व्यवस्था, योगा लॉन और लाइटिंग जैसे कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कि संजय वन के पास आरआरटीएस स्टेशन भी है, जिससे रैपिड रेल की सुविधा के चलते लोगों को दिल्ली और नोएडा जैसा अनुभव मिलेगा।
उन्होंने आश्वासन दिया कि इस योजना की हर धनराशि का सदुपयोग होगा और निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएंगे। 12 एकड़ क्षेत्र में फैले संजय वन में 70 से अधिक पक्षी प्रजातियां और विभिन्न वन्यजीव निवास करते हैं। इस परियोजना पर 8 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। 65 फीट ऊंचा वॉच टावर कारगिल शहीद मनोज तलवार को समर्पित किया जाएगा। डॉ. तोमर ने कहा कि दिल्ली रोड और रैपिड रेल स्टेशन के निकट होने के कारण संजय वन का सौंदर्यकरण क्षेत्रीय विकास में योगदान करेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कैबिनेट मंत्री ए. के. शर्मा और मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। इस परियोजना से संजय वन को एक प्रमुख पर्यटन स्थल और शहरी हरियाली का केंद्र बनाया जाएगा। इस अवसर पर मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय मीणा समेत अन्य मौजूद रहे।