मेरठ 06 अप्रैल (प्र)। प्रभातनगर स्थित सूरी नर्सिंग होम में आयोजित कार्यक्रम में सर्वशक्ति वेलफेयर सोसाइटी का गठन किया गया। डॉ. एसके सूरी सोसाइटी का अध्यक्ष बनाया गया, जबकि संस्था का सचिव हरीश चंद्र सिंह को बनाया गया। सोसाइटी कैंसर रोगियों की देखभाल, बचाव और सुरक्षा के उपायों के बारे में लोगों को जागरूक करेगी। इस मौके पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. एसके सूरी ने संस्था के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सोसाइटी कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शिविर लगाएगी। लोगों को प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की जांच कराने के लिए प्रेरित करेगी। कैंसर पीड़ितों की सही देखभाल के बारे में लोगों को बताएगी। सामाजिक गतिविधियां की जाएंगी। इसके अलावा विभिन्न संस्थाओं जैसे बैंक, पुलिस, पीएसी आदि के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस मौके पर वरिष्ठ कैंसर सर्जनर डॉ. पीयूष गुप्ता ने कैंसर रोग के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अज्ञानता के कारण कैंसर के रोगी बढ़ रहे हैं। प्रारंभिक अवस्था में कैंसर का पता लगाना और उसका तत्काल इलाज शुरू करना बेहद जरूरी है। अधिकांश मरीज कैंसर रोग विशेषज्ञों के बजाए अन्य चिकित्सकों से इलाज कराते रहते हैं, जिससे रोग बढ़ जाता है। इससे उनके जीवन में खतरा बढ़ जाता है।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप मित्थल ने आंखों के कैंसर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आंखों की सुरक्षा रखने पर जोर दिया और आंखों की नियमित जांच कराने की अपील की। गुर्दा रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत बेंद्रे ने कहा कि गुर्दे के कैंसर के मरीजों में तेजी से बढ़ौत्तरी हो रही है। इसकी वजह है लोगों में जागरूकता की कमी। लोग विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास जब पहुंचते हैं, जब उनका रोग बहुत बढ़ जाता है, या कैंसर का रूप ले लेता है। यदि प्रारंभिक स्टेज में विशेषज्ञ चिकित्सक से इलाज कराया जाए तो निश्चित रूप से कैंसर की रोकथाम संभव है।
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव सक्सेना ने हृदय रोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। डॉ. मीतू मेहरा ने का कहना है कि ब्रेस्ट कैंसर अब आम बात हो गई। ब्रेस्ट कैंसर का इलाज संभव है। इसका इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों से कराने की जरूरत है।
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आशुतोष टंडन ने रेडियोलॉजी की जांचों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कई रेडियोलॉजी जांच से कैंसर का पता लगाया जा सकता है। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. आरपी शर्मा त्वचा के कैंसर के बारे में बताया। डॉ. रितु केला ने कैंसर पीड़ितों का मनोबल बढ़ाये रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सर्जन डॉ. नीरज गोयल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कानन त्यागी, डॉ. कंचन मलिक, डॉ. मंजुला लखनपाल, डॉ. राजीव सक्सेना, त्रिलोक आनंद, एमएल अग्रवाल, आशा आनंद, स्कवार्डन लीडर आशुतोष, अविनाश अलख आदि मौजूद रहे।
