Monday, July 7

पत्नी और बेटी ने अपने प्रेमियों से कराया सुभाष का कत्ल, 14 दिन बाद खुला कत्ल का राज

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 07 जुलाई (प्र)। मेरठ के जानी क्षेत्र में 23 जून को हुए सुभाष हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए सुभाष की पत्नी और बेटी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खुलासा हुआ है कि पत्नी और बेटी ने अवैध संबंधों के चलते प्रेमियों से सुभाष की हत्या कराई। सुभाष के 23 जून की रात खेत पर जाने की सूचना व्हाट्सएप कॉल से दी गई, जिसके बाद बेटी के प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर सुभाष को गोली मार दी। हत्या में प्रयुक्त तमंचा-बाइक बरामद कर ली है।

23 जून को सुभाष उपाध्याय को गोली मार दी गई थी। सुभाष के बेटे आयुष उपाध्याय ने मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने हत्याकांड में सुभाष की पत्नी कविता, बेटी सोनम, कविता के प्रेमी गुलजार, सोनम के प्रेमी विपिन और विपिन के दोस्त शिवम को गिरफ्तार किया। एसपी देहात डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया सुभाष की बड़ी बेटी ने मार्च में दूसरी बिरादरी के युवक से विवाह कर लिया था, जिसे लेकर सुभाष नाराज था। छोटी बेटी का भी दूसरी बिरादरी के विपिन निवासी कंकरखेड़ा से प्रेम प्रसंग था। सुभाष की पत्नी कविता का सिसौला निवासी गुलजार से प्रेम प्रसंग था, इसका पता लगने के बाद परिवार में विवाद बढ़ता जा रहा था। मां-बेटी कविता और सोनम ने सुभाष की हत्या का प्लान बनाया। हत्या के लिए गुलजार ने तमंचा उपलब्ध कराया था।

इनकी हुई गिरफ्तारी
● 1. कविता पत्नी सुभाष।
● 2. सोनम पुत्री सुभाष।
● 3. विपिन निवासी जवाहर नगर, कंकरखेड़ा। (सोनम का प्रेमी)
● 4. गुलजार निवासी सिसौला, जानी। (कविता का प्रेमी)
● 5. शिवम निवासी जवाहर नगर, कंकरखेड़ा। (विपिन का दोस्त)

पत्नी-बेटी ने 23 जून को सुभाष के खेत जाने की सूचना दी
23 जून की शाम सुभाष खेत पर गया था। कविता और सोनम ने अपने प्रेमियों को यह बात बता दी। विपिन ने दोस्त शिवम उर्फ अजगर के साथ मिलकर सुभाष की घेराबंदी की, दूसरी ओर गुलजार घात लगाकर बैठा रहा। सुभाष को देख शिवम ने कमर पर गोली मार दी और फरार हो गए। विपिन ने व्हाट्सएप कॉल कर कविता और सोनम को गोली मारने की सूचना दी। घायल सुभाष को अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान सुभाष की मृत्यु हो गई।

14 दिन बाद रविवार को इस केस का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने मृतक सुभाष की पत्नी कविता, बेटी सोनम, दोनों के प्रेमी और एक दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। 23 जून को जानी थाना क्षेत्र में किसान सुभाष की लाश मिली थी। 4 टीमें उसी दिन से हत्याकांड के आरोपियों को तलाश में लगी थी।

जानी खुर्द के भूपगढ़ी गांव में किसान सुभाष अपनी पत्नी कविता और 4 बच्चे के साथ रहता था। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। दूसरे नंबर की बेटी सोनम बीए फाइनल की छात्रा है। तीसरे नंबर पर बेटा आयुष है, जो 11वीं में पढ़ता है। सबसे छोटा बेटा वंश 10वीं में पढ़ता है।

पुलिस पूछताछ में सामने आई सच्चाई
सुभाष को गोली किसने मारी, पुलिस इस सवाल का जवाब तलाश रही थी। मां कविता, बेटी सोनम ने 13 दिनों तक सच्चाई दबाए रखी। कुछ न पता होने का नाटक करती रहीं।

गांव में पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि सुभाष की पत्नी कविता का गांव में ही रहने वाले गुलजार से अवैध संबंध है। वहीं, बेटी सोनम का ब्रह्मपुरी निवासी विपिन से दोस्ती है। इस तरह पुलिस ने चारों से पूछताछ की तो पूरा सच सामने आ गया।

खेत पर जाते वक्त हुई कविता और गुलजार की दोस्ती
पुलिस के मुताबिक, कविता का गुलजार से अफेयर चल रहा है। गुलजार और सुभाष का खेत आसपास है। अक्सर कविता खेत पर जाती तो गुलजार से मिलती। वहीं से दोनों की दोस्ती और नजदीकी बढ़ती चली गई। कविता-गुलजार में बातें होने लगी। दोनों अक्सर मिलने जुलने लगे। सुभाष को पत्नी पर शक हो गया था। इसलिए वो कविता से पूछताछ करता था।

बड़ी बेटी को देखकर छोटी भी बिगड़ी
वहीं, सुभाष की बड़ी बेटी ने परिवार के खिलाफ जाकर लव मैरिज कर ली थी। बड़ी बेटी ने दलित युवक से अंतरजातीय विवाह कर लिया। जबकि सुभाष इसके सख्त खिलाफ था। फिर भी बड़ी बेटी नहीं मानी। शादी कर ली। बड़ी बहन को देखकर छोटी बहन सोनम भी इसी राह पर चल पड़ी। वह मेरठ में शारदा रोड स्थित कनोहर लाल पीजी कॉलेज में बीए में पढ़ती है।

बेटी को सोशल मीडिया पर हुई मोहब्बत
सोनम के कॉलेज के पास ही एक दूध की दुकान है। जहां ब्रह्मपुरी निवासी विपिन काम करता है। आते-जाते दोनों अक्सर एक दूसरे को देखते थे। लेकिन दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफार्म टेलिग्राम के जरिए हुई। टेलिग्राम पर सोनम-विपिन में बातचीत हुई और नजदीकी बढ़ती चली गई। दोनों ने शादी करने का प्लान बना लिया।

Share.

About Author

Leave A Reply