Thursday, April 9

अब स्मार्ट लाइटों से जगमगाएगा शहर, गढ़ रोड पर नई डिजाइन के पोल लगाने का काम शुरू

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 09 अप्रैल (प्र)। अब मेरठ ऐतिहासिक पहचान के साथ-साथ आधुनिक बुनियादी ढांचे के लिए भी जाना जाएगा। शहर की सड़कों की खूबसूरती बढ़ाने और आकर्षक लुक देने के लिए नगर निगम ने स्मार्ट लाइटिंग पर काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत शहर की प्रमुख सड़कें अब नए जमाने के दो आर्म्स वाले माड्यूलर पोल की लाइट से रोशन होंगी।

सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन गढ़ रोड से इसकी शुरुआत हो गई है। गांधी आश्रम चौराहे से तेजगढ़ी चौराहे तक नई डिजाइन के पोल लगाने का काम शुरू हो गया है। यह पोल न केवल रात में दूधिया रोशनी बिखेरेंगे बल्कि दिन के वक्त भी अपनी अनूठी बनावट से सड़क के सुंदरीकरण में चार चांद लगाएंगे। गढ़ रोड पर कुल 340 पोल लगेंगे। लाइट सहित एक पोल लगाने पर करीब 1.19 करोड़ रुपये कुल लागत आएगी।

दिन-रात नहीं जलेंगी, एक क्लिक पर बंद- चालू होंगी
इन लाइटों को सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल एंड मानीटरिंग रूम ( सीसीएमएस) से जोड़ा जाएगा। सेंसर युक्त होंगी। एक क्लिक से चालू-बंद की जाएंगी। सूर्यास्त और सूर्योदय के समय स्वचालित रूप से लाइटें डिम और तेज होगी। लाइट खराब होते ही कंट्रोल रूम में बैठे कर्मचारी को पता चल जाएगा और त्वरित लाइट सुधारी जा सकेगी।

माड्यूलर स्ट्रीट लाइट पोल की खासियत

  • ये सामान्य खंभों से अलग और तकनीकी रूप से उन्नत हैं। इनके अंदर केबिल और बिजली लाइन रहेगी। सीसीटीवी कैमरे और वाई- फाई सुविधा स्थापित की जा सकेगी।
  • एक ही पोल पर दो लाइटें हैं। ऊपरी लाइट मुख्य सड़क को और दूसरी लाइट फुटपाथ को रोशन करेगी। डिवाइडर पर नौ मीटर और फुटपाथ पर छह मीटर ऊंचे पोल रहेंगे।
  • पोल के बीचोबीच नगर निगम और सीएम ग्रिड का विशेष लोगो छेद युक्त है। जिसमें एलईडी पैनल है। रात में यह लोगो चमकता हुआ दिखाई देगा। जो शहर की ब्रांडिंग की मजबूती देगा।
  • इनमें हाई-एफिशिएंसी एलईडी बल्बों का प्रयोग किया गया है, जो कम बिजली खपत में अधिक और आंखों को सुकून देने वाली रोशनी देंगे। एक एलइडी 150 वाट की है।
  • एलईडी लाइट खराब होने पर सिर्फ एलईडी प्लेट बदलनी होगी। पुरानी स्ट्रीट लाइट में पूरा स्ट्रक्चर खोलना पड़ता था । भूमिगत बिजली लाइन होने से तार नजर नहीं आएंगे।

इन सड़कों पर भी लगेंगी स्मार्ट लाइट

  • कमिश्नरी आवास चौराहे से सर्किट हाउस तक।
  • गढ़ रोड रंगोली मंडप से हापुड़ रोड तक ।
  • कमिश्नर कार्यालय चौराहे से बच्चा पार्क चौराहे तक ।
  • आंबेडकर तिराहे से झंडेवाला शारदारोड होते हुए दिल्ली चुंगी तक।
  • बागपत रोड पर टीपी नगर होते हुए दिल्ली रोड तक ।
  • सर्किट हाउस से मोहनपुरी पुलिया होते हुए गांधी आश्रम तक।
  • गोल मंदिर से भोलेश्वर मंदिर होते हुए पीवीएस रोड तक ।
  • बेगमपुल रोड से बच्चा पार्क चौराहे तक।
  • जेलचुंगी चौराहे से तेजगढ़ी चौराहे तक।
  • गांधी आश्रम चौराहे से बच्चा पार्क चौराहे तक ।
  • कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से दिल्ली – दून हाईवे तक।
Share.

About Author

Leave A Reply