Thursday, April 9

होर्डिंग और यूनिपोल के ठेकेदार की हठधर्मी से अटका सीएम ग्रिड रोड का निर्माण

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 09 अप्रैल (प्र)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी सीएम ग्रिड योजना में बनाई जा रही गढ़ रोड पर होडिंग व यूनिपोल के ठेकेदार की हठधर्मी से निर्माण कार्य अटक गया है। महानगर में यूनिपोल व होर्डिंग्स का ठेके का तीन माह का और समय बढ़ाने से ठेकेदार गढ़ रोड पर लगाए गए यूनिपोल को हटाने को तैयार नहीं जिस कारण डिवाइडर का निर्माण कार्य रुक गया है। ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने को नगर निगम के अधिकारी तैयार नहीं है।

दरअसल, मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी सीएम ग्रिड योजना में प्रदेश की पहली सड़क मेरठ की गढ़ रोड पर गांधी आश्रम चौराहा से लेकर तेजगढ़ी चौराहा तक पास हुई थी। करीब 49 करोड़ की लागत से तैयार होने वाली इस सड़क पर कोई खंभा नजर नहीं आएगा, सभी तार जमीन के नीचे बिछाकर ढके जाएंगे नालों को भी पाट दिया जाएगा लेआउट के अनुसार कुल 36 मीटर चौड़ी सड़क में दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण होगा। बीच में छह मीटर चौड़ा डिवाइडर बनेगा, जिसमें सुंदर पेड़ व हरियाली लगाई जाएगी। दोनों ओर छह-छह मीटर की फुटपाथ बनेगी। इसी पर दोनों ओर वाहनों की पार्किंग बनेगी। कारों को तिरछा खड़ा किया जाएगा। ताकि लोगों को पैदल आने जाने में कोई दिक्कत न हो। दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ा नाला बनाया जा रहा है। इसके पीछे एक- एक मीटर जगह पर जहां दुकानें नहीं हैं। वहां पर वेंडरों को खड़े होने के लिए जगह देने की योजना है। दुकानों, दफ्तर, अस्पताल, गलियों में आने जाने के लिए सड़क से फुटपाथ पर जाने के लिए हर सौ मीटर पर कट होगा। इस तरह 2.16 किमी लंबी सड़क पर 21 कट बनेंगे। ये कट इतने चौड़े होंगे कि इनके जरिए आसानी से पार्किंग तक कारें पहुंच सकती हैं।

मेन रोड पर डिवाइडर के कट मात्र तीन हैं। एक कट रंगोली रोड के मोड़ पर, दूसरा कट सम्राट होटल के सामने और तीसरा कट शोहराव गेट डिपो के सामने इसका ठेका जीत कंस्ट्रक्शन कंपनी के पास है। यह ठेकेदार बेहद सुस्ती से कार्य कर रहा है, इसको लेकर क्षेत्रवासी और व्यापारी परेशान हैं। इस क्षेत्र का कारोबार ठप हो गया है। इस रोड पर डिवाइडरों के बीच में अभी तक यूनिपोल लगे हैं।

यूनिपोल व होडिंग का ठेका 28 मार्च को खत्म हो गया था, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों ने दोबारा टेंडर अभी तक नहीं निकाला और ठेके को तीन माह के लिए बढ़ा दिया गया। अब ठेकेदार यूनिपोल को हटाने को तैयार नहीं। उधर, जीत कंट्रक्शन कंपनी को मई तक सड़क तैयार करके देनी है, लेकिन यूनिपोल न हटने से डिवाइडर का कार्य रुका पड़ा है। नगर निगम के अधिकारी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने को तैयार नहीं हैं। इसके अलावा बिजली विभाग ने बिजली के खंभे हटाकर बिजली के तारों को अंडरग्राउंड नहीं किया, इससे भी निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।

हालांकि इस संबंध में महापौर नगर पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. के एमडी को पत्र भेजकर नाराजगी जताई और कहा कि जब पूर्व में व्ययानुसार बिजली के तारों की शिफ्टिंग के लिए मांगी गई धनराशि अदा कर दी गई तो बार-बार क्यों उन्हें व्ययानुसार भेजा जा रहा है। निर्माण कार्य अधूरा होने से यहां दिन रात धूल का गुबार उड़ता रहता है, जिससे क्षेत्र के व्यापारी और निवासी परेशान हैं। उनका रहना दूभर हो गया है। कारोबार ठप हो गया है। यहां से गुजरने वालों का भी खांसते हुए बुरा हाल हो जाता है। व्यापारी और क्षेत्रवासी लगातार नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं।

इस तरह तो मई तक पूरा नहीं हो पाएगा सड़क निर्माण
नगर निगम के अधिकारियों की उदासीनता के चलते मई में गढ़ रोड पर गांधी आश्रम चौराहे से लेकर तेजगढ़ी चौराहे तक बनाई जा रही सीएम ग्रिड योजना की सड़क बेहद धीमी गति से बनाई जा रही है। अब डिवाइडरों का अडंगा होने से इस सड़क का निर्माण मई तक पूरा नहीं हो पाएगा।

Share.

About Author

Leave A Reply