Tuesday, June 3

लोहियानगर में कूडा डालना बंद करे निगम, नहीं तो करेंगे आमरण अनशन

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 08 अप्रैल (प्र)। लोहिया नगर में कूड़े के पहाड़ से परेशान काजीपुर जाहिदपुर, लोहिया नगर
समेत आसपास के क्षेत्र के लोगों ने कूड़ा डालने का विरोध शुरू कर दिया। सपा के जिला सचिव गौरव गुर्जर के नेतृत्व में विरोध में पदयात्रा निकालकर कलक्ट्रेट पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट नवीन श्रीवास्तव को मांगों का ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर नगर निगम ने लोहिया नगर में कूड़ा डालना बंद न किया तो आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। इसके लिए निगम अधिकारी जिम्मेदार होंगे। सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्वासन दिया कि मामले में निगम अधिकारियों से बात की जाएगी।

सपा के जिला सचिव गौरव गुर्जर ने ज्ञापन में कहा है कि लोहिया नगर में कूड़े का पहाड़ लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। न शुद्ध आक्सीजन मिल रही है और न शुद्ध पानी नसीब हो रहा है। कूड़े में रोजाना आग से धुआं उठता है। जो वायु प्रदूषण को बढ़ा रहा है। कूड़े से जो गंदा पानी निकलता है वह भूगर्भ जल को प्रदूषित कर रहा है। पिछले कई दिनों से कूड़े में आग लग रही है। पदयात्रा लोहियानगर स्थित पंडित बक्शी दास इंटर कालेज से शुरू हुई। इसमें अशरफ गनी जाहिदपुर से, सोनू चौधरी, भूरा जाटव, अंकित भड़ाना समेत बड़ी संख्या में काजीपुर व लोहिया नगर से लोग शामिल रहे।

हकीकत: आठ लाख टन का कूड़े का पहाड़, निस्तारण के नाम पर छँटाई
कहे कोई कुछ भी, लेकिन हकीकत यही है कि मेरठ- बुलंदशहर हाइवे किनारे आठ लाख टन का कूड़े का पहाड़ है। यह आंकड़ा भी सरकारी सर्वे का है। हकीकत तो ये है कि इससे भी कहीं ज्यादा कूड़ा यहां डंप है। निस्तारण के नाम पर लीगेसी वेस्ट प्लांट कूड़े की छंटाई के लिए लगाया गया था। यानी प्लास्टिक निकालकर बेच दी गई लेकिन बाकी कूड़ा लोहिया नगर में ही डंप किया गया। दावा प्रतिदिन 600 टन कूड़े की छंटाई का है। पर निगम अधिकारियों के ही निरीक्षण में प्लांट बंद मिला था। ठेकेदार के भुगतान से 21 लाख रुपये की कटौती इस बात का सबूत है। कूड़े का समग्र निस्तारण की व्यवस्था निगम बना ही नहीं पाया है। कूड़ा निस्तारण के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है।

800 टन कूड़ा शहर से रोजाना पहुंचता है लोहिया नगर
प्रतिदिन शहर में 1100 टन कूड़ा उत्सर्जित होता है। इसमें से विभिन्न माध्यमों से 800 टन कूड़ा लोहिया नगर में रोजाना डंप किया जाता है। इससे लोहिया नगर का कूड़े का पहाड़ ऊंचा होता जा रहा है। नगर निगम ने गांवड़ी में कुछ दिन पहले पुराने प्लांट को चालू किया है। दावा किया था कि जल्द लोहिया नगर में कूड़ा डालना बंद होगा, पर अभी तक ऐसा नहीं हुआ।

Share.

About Author

Leave A Reply