Tuesday, February 10

एमपीएस समूह की सभी शाखाओं में परीक्षा पे चर्चा का आयोजन

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 06 फरवरी (प्र)। मेरठ पब्लिक स्कूल समूह की सभी शाखाओं में परीक्षा पे चर्चा 2026 (नवाँ संस्करण) के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन उत्साह, अनुशासन एवं सकारात्मक वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के साथ होने वाले इस राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम का सामूहिक वर्चुअल प्रसारण देखा।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा से जुड़े तनाव से मुक्त करना, उनमें आत्मविश्वास का विकास करना तथा सकारात्मक एवं आनंदपूर्ण सीखने की प्रक्रिया को प्रोत्साहित करना रहा। सभी शाखाओं में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, मानसिक संतुलन, लक्ष्य निर्धारण एवं सकारात्मक सोच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिससे उनमें आत्मविश्वास और स्पष्ट दृष्टिकोण का विकास हुआ।
इस अवसर पर मेरठ पब्लिक स्कूल समूह की विभिन्न शाखाओं में शहर के विशिष्ट एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी सहभागिता रही।

मेरठ पब्लिक स्कूल, मेन विंग में महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। मेरठ पब्लिक स्कूल फॉर गर्ल्स में कांता कर्दम, पूर्व राज्यसभा सदस्य, की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया। मेरठ पब्लिक गर्ल्स स्कूल, शास्त्री नगर में डॉ. सोमेंद्र तोमर, राज्य मंत्री (ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा संसाधन), उत्तर प्रदेश सरकार, ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डाला।

वहीं मेरठ पब्लिक स्कूल, वेद व्यास पुरी में मुख्य अतिथि के रूप में विवेक रस्तोगी, भाजपा जिला अध्यक्ष, उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्परीक्षाएँ जीवन का एक चरण हैं, लक्ष्य नहीं। आत्मविश्वास, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।

विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्यगण ने परीक्षा पे चर्चा जैसे सार्थक कार्यक्रम के लिए माननीय प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को निडर, आत्मनिर्भर एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। विद्यालय समूह ने यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

Share.

About Author

Leave A Reply