Friday, November 28

हर्ष फायरिंग में दूल्हे का भाई और मां गिरफ्तार, लिसाड़ी गेट में गोली लगने से हुई थी युवती की मौत

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 26 नवंबर (प्र)। लिसाड़ी गेट क्षेत्र में चढ़त के दौरान हुई हर्ष फायरिंग और गोली लगने से युवती की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्या समेत कई धारा में दूल्हे और उसके परिजनों समेत अज्ञात आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दूल्हा फरार हो गया और उसका निकाह भी नहीं हो सका। दूल्हे के भाई और मां की गिरफ्तारी कर तमंचा बरामद कर लिया गया है। मंगलवार दोपहर मृतका का संगीनों के साये में दफीना कराया गया। लोगों में आक्रोश है। मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया है।

लिसाड़ी गेट के श्यामनगर 20 फुटा रोड निवासी सुहेल पुत्र शाहनवाज का सोमवार रात को निकाह था। रात करीब 10 बजे चढ़त के दौरान दूल्हे के भाई और युवकों ने तमंचों से हर्ष फायरिंग कर दी। छत पर खड़ी होकर चढ़त देख रही पड़ोस में रहने वाली युवती अक्शा पुत्री अरशद के पेट में गोली लगी और उसकी मौत हो गई। अक्शा के पिता अरशद की तहरीर पर लिसाड़ी गेट थाने में पुलिस ने दूल्हा सुहेल, उसके पिता शाहनवाज, भाई साकिब, मां परवीन और अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या, चोट पहुंचाना, धमकी देने समेत कई धारा में मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस ने वांटेड साकिब और उसकी मां परवीन को दबोच लिया। साकिब से तमंचा-कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अफसरों की मानें तो फायरिंग करने वालों में साकिब शामिल था और उसने भी तमंचे से गोली चलाई थी।

घटना का एडीजी मेरठ भानु भास्कर ने संज्ञान लिया और सख्त कार्रवाई के लिए टीम को लगाया। रात को ही पुलिस टीम को आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगाया। फफूंडा के किंग पैलेस में जहां सुहेल का निकाह था, वहां पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान दूल्हा स्टेज से निकल भागा और फरार हो गया। दूल्हे का पिता भी फरार हो गया। ऐसे में निकाह भी नहीं हो सका।

पुलिस ने रात को ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। अफसरों ने रात को ही पोस्टमार्टम की अनुमति कराई, जिसके बाद पोस्टमार्टम हुआ। सुबह शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अक्शा का शव घर पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। मां और बहनों समेत रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता और भाइयों की आंखें भर आई। अक्शा के शव से लिपट कर परिजन रोते रहे। पुलिस फोर्स को एहतियातन लगाया गया। मंगलवार दोपहर दो बजे अक्शा के शव को संगीनों के साये में लिसाड़ी रोड पर चमन तकिया कब्रिस्तान में दफनाया गया।

वादी अरशद और आरोपी सुहेल पक्ष एक ही मोहल्ले के हैं। घर आसपास हैं। घटना के बाद से तनाव की स्थिति है। इसलिए पुलिस ने सुहेल के घर पर आई महिला रिश्तेदारों को वापस भेज दिया। मोहल्ले में पुलिस तैनात की गई है।

Share.

About Author

Leave A Reply