मेरठ 22 नवंबर (प्र)। पश्चिम उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर केंद्रीय संघर्ष समिति ने 17 दिसंबर को वेस्ट यूपी को पूर्ण रूप से बंद रखने की घोषणा की है। बंद को सफल बनाने के लिए संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने आबूलेन पहुंचकर व्यापारियों से समर्थन मांगा। इस दौरान आबूलेन, सदर, पीएल शर्मा रोड के व्यापार संघ और मेरठ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बंद में साथ रहने की घोषणा की। व्यापारी नेताओं ने कहा कि हाई कोर्ट बेंच की स्थापना जनता को सस्ता और सुलभ न्याय की संकल्पना को पूर्ण करेगी।
पश्चिम उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर लगभग 50 वर्षों से आंदोलन चल रहा है, लेकिन मांग पूरी नहीं हो रही। हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति ने हाल ही में कैराना में बैठक के दौरान 17 दिसंबर को पश्चिम उप्र को पूर्ण रूप से बंद रखने की घोषणा की थी। 26 नवंबर को पश्चिम के सभी सांसदों के घर पर धरना देकर सदन में हाई कोर्ट बेंच की मांग को उठाने की अपील करने का निर्णय भी लिया था। बंद को सफल बनाने के लिए राजनीतिक, गैर राजनीतिक व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के साथ-साथ आम जनता का भी सहयोग लेने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को केंद्रीय संघर्ष समिति के चेयरमैन संजय शर्मा और संयोजक राजेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने आबूलेन पहुंचकर आबूलेन व्यापार संघ आकाश खन्ना, महामंत्री राजबीर सिंह, पी एल शर्मा रोड व्यापार संघ अध्यक्ष संजय गोयल, सदर व्यापार मंडल महामंत्री विक्की दुआ, मेरठ व्यापार मंडल अध्यक्ष जीतू सिंह नागपाल, आबूलेन केंद्रीय व्यापार संघ अध्यक्ष संजय माहेश्वरी एवं उपाध्यक्ष अतुल गुप्ता समेत व्यापारी नेताओं के साथ बैठक की और बंद में समर्थन की अपील की। आबूलेन व्यापार संघ के महामंत्री सरदार राजबीर सिंह ने कहा, 17 दिसंबर का बंद जनहित से जुड़ा कदम है। आबूलेन व्यापार संघ इस बंद को पूर्ण नैतिक समर्थन प्रदान करता है। उन्होंने व्यापारियों से शांत, संयमित और जिम्मेदारी के साथ बंद में साथ देने की अपील की।
केंद्रीय संघर्ष समिति के चेयरमैन संजय शर्मा और संयोजक राजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि बंद को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान अधिवक्ता एमपी शर्मा, नेपाल सिंह सोम, मेरठ बार के पूर्व अध्यक्ष डीके शर्मा, अशोक शर्मा, पूर्व महामंत्री जितेंद्र सिंह बना, मनुज कुमार बुटार के साथ व्यापारी नेता सुनील दुआ, आबूलेन व्यापार संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार भूपिंदर सिंह, उपमहामंत्री विशाल अग्रवाल, संगठन मंत्री नितिन महेश्वरी, मीडिया प्रभारी सचिन रस्तोगी, मंत्री अंकुर गुप्ता, संजय मुंजाल, निखिल खन्ना शामिल रहे।
