मेरठ 24 अप्रैल (प्र)। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के रशीदनगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को फोन पर किसी से बात करते हुए देख लिया। इस पर पति ने आपा खो दिया जिस पर उसने पत्नी पर चाकू से गर्दन और जांघ प्रहार कर दिए। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसको मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में बनियावाला खेत, रसीदनगर में दिलनवाज पुत्र खलील का परिवार रहता है। दिलनवाज की शादी करीब 8 साल पहले श्यामनगर निवासी फारूख की बेटी से अल्फीया से हुई थी। शादी के बाद उनको दो बच्चे पैदा हुए। दिलनवाज को शक था कि अल्फीया किसी अन्य से फोन पर बात करती है। इसको लेकर दंपति के बीच अक्सर कहासुनी हो जाती थी। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे अल्फीया फोन पर बात कर रही थी।
आरोप है कि इस पर दिलनवाज को शक हुआ कि अल्फीया किसी अन्य युवक से बात कर रही है। इस पर दिलनवाज ने आपा खो दिया। इसके बाद उसने घर के अंदर से चाकू उठाया और सीधा अल्फीया की गर्दन पर प्रहार कर दिया। इस पर अल्फीया लहूलुहान होकर गिर पड़ी। इसके बाद दिलनावज ने उसकी जांघ पर चाकू का प्रहार किया। इसी बीच चीख पुकार और शोरशराबा होने पर पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंचें जिस पर दिलनवाज अल्फीया को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। सूचना पर अल्फीया की मां मन्नो और अन्य परिजन घटनास्थल पर पहुंचें।
ब्रह्मपुरी थाना पुलिस को सूचना देते हुए घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डाक्टरों ने गंभीर हालत में मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज में अल्फीया की हालत गंभीर बनी हुई है। ब्रहमुपरी थाने पर मन्नो ने अपने दामाद दिलनवाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे धक्के देकर भगा दिया।
ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश काम्बोज ने बताया कि पुलिस ने महज छह घंटे के अंदर हमलावर दिलनवाज को ओडियन सिनेमा के सामने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसको न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। दूसरी ओर, मन्नो घायल अल्फीशा को ई-रिक्शा में लेकर एसएसपी ऑफिस पहुंची और अन्य हमलावरों को भी गिरफ्तार किये जाने की मांग की।
