Sunday, June 1

ममता बनर्जी का पुतला फूंकने से रोकने पर हवा में उछाली दरोगा की कैप, महिलाओं ने धक्का-मुक्की कर दिखाईं चूड़ियां

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 21 अप्रैल (प्र)। मेरठ में हिंदू स्वाभिमान परिषद के कार्यकर्ताओं ने रविवार को पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का पुतला फूंकने की कोशिश की। लेकिन, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। इससे यहां हालात तनावपूर्ण हो गए।

दरोगा ने पुतला छीना तो प्रदर्शनकारियों ने उन्हें दौड़ा लिया। हंगामा करते हुए पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की की। तभी एक महिला ने दरोगा की कैप उछाल दी। कुछ महिलाओं ने चूड़ियां दिखाईं। ममता बनर्जी के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने दरोगा की शिकायत पर संगठन के अध्यक्ष समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने घटना को संज्ञान में लिया है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है। उनका कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

मामला मेरठ के कमिश्नरी चौराहे का है। रविवार को हिंदू स्वाभिमान मोर्चा के लोग कमिश्नरी चौराहा पहुंचे। यहां पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसी दौरान कुछ लोग ममता बनर्जी का पुतला लेकर पहुंच गए। पुलिस ने संगठन के लोगों को पुतला फूंकने से रोका तो वह भड़क गए। इसी बीच एक दरोगा ने प्रदर्शनकारी के हाथ से पुतला छीन लिया। वह पुतले को नष्ट कर रहा था, तभी संगठन के कार्यकर्ताओं ने दरोगा को सड़क पर दौड़ा लिया। पुतले को नष्ट करने के बाद कुछ दूर जाकर दरोगा रुक गया।

प्रदर्शन कारियों से दरोगा को घेर लिया। उसके साथ अभद्रता करते हुए हंगामा किया। अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे तो धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी बीच एक महिला ने दरोगा के सिर से सरकारी टोपी उतार ली और जमीन पर फेंक दी।

दूसरी महिला ने दरोगा को चूड़ियां दिखाईं। दरोगा के गले में एक व्यक्ति ने अपने गले से उतारकर फूलमाला पहना दी। कहा, ममता बनर्जी ने हमारे सीएम का अपमान किया है। ये हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। पुलिस हमें रोक रही थी।

सीओ सिविल लाइन अभिषेक कुमार ने बताया, पुलिस से अभद्रता करने के मामले में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर संगठन के अध्यक्ष अमित भारद्वाज समेत अज्ञात लोगों पर सरकारी काम में बाधा और पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करने पर मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपियों को वीडियो और फोटो से चिह्नित किया है। इन लोगों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।

Share.

About Author

Leave A Reply