Monday, December 22

भूनी टोल प्लाजा कर्मचारियों ने बारातियों को पीटा, महिलाओं से अभद्रता और लूटपाट का भी आरोप

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 21 अप्रैल (प्र)। मेरठ- करनाल हाईवे पर गांव भूनी में स्थित टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने बागपत से सरधना के गांव टेहस्की जा रहे बरातियों से जमकर मारपीट की मारपीट में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों ने किसी तरह से भागकर जान बचाई। इसके बाद दूसरी कार में पीछे आ रहे परिजनों ने घायलों को सरधना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से तीनों की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष ने बरातियों से मारपीट व महिलाओं से अभद्रता व लूटपाट का आरोप लगा पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। बागपत के मोहल्ला मुगल सराय निवासी शाहरूख खान ने तहरीर में बताया के शनिवार की रात शराफत के लड़के की बरात सरधना के गांव टेहरकी निवासी अफसर के यहां जा रही थी। मेरठ करनाल हाईवे पर जब बरातियों की एक कार भूनी टोल प्लाजा पर पहुंची तो टोल कर्मचारियों ने बरातियों से अभ्रदता कर दी। उन्होंने विरोध किया तो जमकर मारपीट की गई। हमले में शादाब पुत्र रिजवान, रिहान समेत तीन युवक घायल हो गए।

आरोप है कि हमलावरों ने उसने साथ कार में बैठी महिलाओं के साथ अभद्रता न्द करते जेवरात लूट लिए। बताया कि जब तीनों जान बचाकर भागने लगे तो आरोपियों ने उनकी गाड़ी पर पथराव किया जिसके चलते उनकी बैलेनो कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। टोल कर्मचारियों की मारपीट का वीडियो टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। मारपीट के दौरान शादाब भागते हुए टोल प्लाजा से कुछ दूर पहुंचते ही बेहोश होकर गिर गया। इसके बाद पीछे से दूसरी कार में मौके पर पहुंचे परिजनों को युवकों ने घटना के बारे में अवगत कराया। परिजनों ने घायलों को सरधना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से तीनों की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया है। शादाब की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सरूपुर थाना पहुंचकर परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। टोल पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपियों पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

टोल प्लाजा के मैनेजर ने लगाया पथराव करने का आरोप
भूनी टोल प्लाजा में बरातियों के साथ मारपीट के मामले में टोल कर्मचारी की ओर से तहरीर दी गई है। टोल मैनेजर ने तहरीर में बताया कि तीनों युवक जैसे ही टोल पर पहुंचे तो उनसे शुल्क मांगा गया, लेकिन युवकों ने टोल शुल्क देने से मना करते हुए बंबू को स्वयं हटाने लगे। टोल कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो तीनों युवकों ने उनसे मारपीट करते हुए पथराव कर दिया। इसके बाद दोनों ओर पथराव हुआ। टोल कर्मचारियों पर महिलाओं से अभद्रता व लूट का आरोप गलत है।

आए दिन मारपीट करते हैं कर्मचारी
सरूरपुर भूनी टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों का विवादों से नाता रहा है। 29 मार्च को सरूरपुर खुर्द निवासी दो चचेरे भाई सनी पूनिया व ललित के साथ भी मारपीट कर दी गई थी। जिसमें पीड़ित पक्ष की ओर दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी तीन टोल कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने दो दिन बाद ही आरोपियों को भूनी चौराहे के पास से गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। ऐसी ही घटना शनिवार को दोहराई गई। टोलकर्मी पुलिस को सूचना देने के बजाय स्वयं ही फैसला कर देते हैं। इससे आसपास के लोगों में रोष व्याप्त है टोल कर्मचारियों के रवैये के खिलाफ कई किसान संगठन ने भी विरोध जताया है।

Share.

About Author

Leave A Reply