Monday, July 1

प्रसव के दौरान महिला की मौत, हंगामा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

सरधना, 29 जून (प्र)। बीते गुरुवार देर रात नगर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। करीब छह घंटे तक हंगामा चलता रहा। पुलिस अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुट गई है।

मुल्हेड़ा निवासी 30 वर्षीय पत्नी अरुण आठ माह की गर्भवती थी। गुरुवार को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजनों ने ईश्वर नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया। करीब आठ बजे प्रसव हुआ। प्रसव के कुछ देर बाद ही सुमन की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगा अस्पताल में हंगामा कर दिया। करीब छह घंटे तक अस्पताल में हंगामा जारी रहा। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के पति अरुण ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह ने बताया कि महिला के पति ने तहरीर दी है।

आठ घंटे बाद मिली रिपोर्ट
पीड़ित अरुण ने बताया कि सुमन की मौत के बाद उन्होंने अस्पताल स्टाफ से उसकी रिपोर्ट फाइल मांगी, जो कि उन्हें नहीं दी गई। उन्होंने पुलिस से इसकी शिकायत तो तब जाकर करीब आठ घंटे बाद उन्हें फाइल मिल सकी। अरुण ने रिपोर्ट फाइल बदलने की आशंका भी जताई है।

जानकारी के बाद भी कर दिया ऑपरेशन
सुमन के पति अरुण ने बताया कि आठ माह से सुमन का इलाज नर्सिग होम में चल रहा था। हर बार जांच में खून की कमी आती थी। गुरुवार को जब डॉक्टर ने ऑपरेशन के लिए बोला तो यह बात चिकित्सक को बताई। आरोप है कि चिकित्सक ने इसे अनदेखा कर ऑपरेशन कर दिया।

वहीं ईश्वर नर्सिंग होम संचालक डा. सुनील त्यागी का कहना है कि खूनी की कमी के कारण महिला की हालत बिगड़ी और मौत हो गई। उपचार में कोई लापरवाही नहीं बरती गई। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चल जाएगा।

Share.

About Author

Leave A Reply