Friday, October 18

कंकरखेड़ा में लूटपाट के बाद महिला की हत्या, बेड पर मिला शव

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 09 फरवरी (प्र)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के लाला मोहम्मदपुर में गत दिवस महिला की लूटपाट के बाद हत्या कर दी गई। लूट व हत्या की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले की जानकारी ली। महिला का शव उनके बेड पर पड़ा था और टीवी चल रहा था। बताया गया कि महिला की लूटपाट के बाद हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

लाला मोहम्मदपुर में कमलेश गुप्ता पत्नी स्व. अरविंद गुप्ता अपने घर में अकेली रहती थी। महिला के पति अरविंद गुप्ता की डेढ़ वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी और बेटे मोंटू की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हुई थी। गुरुवार दोपहर से उसकी बेटी स्वाति गुप्ता फोन कर रही थी। जब फोन नहीं उठा तो गुरुवार रात करीब 9 बजे स्वाति गुप्ता पति मयंक गुप्ता के साथ मां के घर पहुंची। घर जाकर देखा तो मुख्य गेट खुला था और कमलेश का शव उसके बेड पर पड़ा था।

पास में ही बही खाता की नोटबुक पड़ी थी। जिसका एक पेज फाड़ा हुआ था। बताया गया है कि कमलेश गुप्ता ब्याज पर पैसा चलाने का काम करती थीं। यह भी आशंका जतायी जा रही है कि मोटे लेन-देन के चलते हत्या कर दी गयी है। शव पर चादर ओढ़ा रखी थी। मां की खून से लथपथ लाश देखकर स्वाति फूट-फूट कर रोने लगी। उनके पति ने उन्हें किसी प्रकार संभाला। बेटी और दामाद मयंक ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर कंकरखेड़ा थाना प्रभारी देवेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बताया गया कि महिला के हाथ से सोने के कड़े, कान के कुंडल और गले से चेन गायब थी। हाथ में घाव के निशान थे। उन पर कई प्रहार किए गए थे। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला कमलेश गुप्ता के दामाद मयंक गुप्ता निवासी गोविंदपुरी ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Share.

About Author

Leave A Reply