मेरठ 09 जनवरी (प्र)। कस्बा परीक्षितगढ़ में मवाना बस स्टैंड स्थित मकान में आज सुबह किठौर क्षेत्र के झीडियो गांव निवासी करीब 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव फंदे पर लटका हुआ मिला है। वहीं सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। घरवालों ने छह लाख रुपए के लेनदेन में हत्या का आरोप लगाया है।
मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के छीड़ियो गांव निवासी सुरेशपाल उम्र 55 साल की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। सुरेशपाल की लाश अपने देनदार सत्येंद्र के घर पर जाल में लटकी मिली है। सुबह-सुबह सत्येंद्र के घरवालों ने सुरेश के परिवार वालों को बताया कि सुरेश ने सुसाइड कर लिया है। उसने जाल पर लटककर फांसी लगा ली है। इसके बाद सुरेश के घरवाले मौके पर पहुंचे। सुरेश के घरवालों ने देनदार सत्येंद्र पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक सुरेश के घरवालों ने सत्येंद्र उसके परिजनों पर सुरेश की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि पूरा मामला 6 लाख रुपयों की देनदारी का है। दरअसल 4 साल पहले सुरेश ने सत्येंद्र को 6 लाख रुपए उधार दिए थे। लगातार सुरेश अपना पैसा वापसी मांग रहा था। लेकिन सत्येंद्र रकम देने को राजी नहीं था। बुधवार को सत्येंद्र ने खुद सुरेश को 6 लाख रुपए वापस देने के लिए अपने घर परीक्षितगढ़ बुलाया। रात को वहीं रोका सुबह उसी के घर में उसकी लाश घर में बने लोहे के जाल पर रस्सी से फंदे पर लटकी मिली है।
सुरेश की बेटी सोनिया ने पुलिस को बताया कि बुधवार को सत्येंद्र ने फोन किया था। कहा यहीं परीक्षितगढ़ आकर अपना पैसा ले जाओ। पापा पैसे लेने परीक्षितगढ़ चले गए। वो दिनभर भी वापस नहीं लौटे। शाम लगभग 7 बजे उन्होंने फोन कर हमसे कहा कि रात हो रही है। दूर आना है इसलिए कल सुबह यानि गुरुवार को पैसा लेकर वापस आ जाऊंगा। आज रात यहीं रुकूंगा। लेकिन सुबह पापा नहीं आए बल्कि सतयेंद्र के घरवालों ने हमें फोन कर कहा कि तुम्हारे पापा ने फांसी लगा ली है। सुरेश की बेटी की मार्च में शादी होनी है। बेटी की शादी के लिए वो पैसे जमा कर रहा था।
वहीं घरवालों ने सतयेंद्र के खिलाफ नामजद हत्या की तहरीर दी है। आरोप लगाया कि इन लोगों ने हमारे आने से पहले ही लाश को पोस्टमार्टम के लिए पैक कर दिया। साथ ही मौके पर जाम लगाया। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।