मेरठ/मंसूरपुर 04 अप्रैल (प्र)। जनपद में संगठित अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने कुख्यात माफिया सुशील मूंछ के आपराधिक तंत्र पर बड़ी कार्रवाई की है। मंसूरपुर थाना पुलिस ने मूंछ के दो बेटों और एक सहयोगी पर गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मचा हुआ है।
मंसूरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में दर्ज इस मुकदमे में सुशील मूंछ के पुत्र अक्षयजीत उर्फ मौनी, मंजीत उर्फ टोनी और उनके सहयोगी अमरदीप उर्फ भोलू को नामजद किया गया है। ये तीनों रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मथेड़ी के निवासी हैं। पुलिस ने मंजीत उर्फ टोनी को इस गिरोह का सरगना चिह्नित किया है पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों पर अवैध हथियारों के बल पर हत्या की धमकी देकर जबरन वसूली करने और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आरोप हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब आरोपियों की चल और अचल संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया में जुट गई है। जल्द ही जब्ती की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
निरीक्षक का बेटा ऑस्ट्रेलिया से चला रहा गिरोह
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा माफिया डॉन माना जाने वाला सुशील मूंछ रतनपुरी के गांव मी का मूल निवासी है। घनी मूछों के कारण उसका उपनाम श्मूछश् पड़ गया। उसके पिता पुलिस विभाग में निरीक्षक थे जब बेटा अपराधी बना, तो पुलिस की दबिश से परेशान होकर पिता ने उसे बेदखल कर दिया था। इलाके में उसे श्प्रधानी के नाम से भी जाना जाता रहा है। सुशील मूंछ पर हत्या, लूट और रंगदारी के 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। साल 2025 में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसके बाद पुलिस की सख्ती बढ़ने पर उसने जेल में आत्मसमर्पण कर दिया था। हाल ही में पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान उसके बेटे अक्षयजीत और साथी अमरदीप को भी गिरफ्तार किया था।
बद्द़ो और बाफर का गुरु है मूंछ
बदन सिंह बद्द़ो और भूपेंद्र बाफर जैसे कुख्यात अपराधियों का गुरु माने जाने वाले सुशील मूंछ को पुलिस भगोड़ा घोषित कर चुकी है और उसकी संपत्तियों की कुर्की भी की जा चुकी है। सूत्रों के अनुसार, सुशील मूंछ अब भारत छोड़कर ऑस्ट्रेलिया में अपना ठिकाना बना चुका है और विदेश से ही अपने आपराधिक गिरोह का संचालन कर रहा है। उसका आपराधिक तंत्र उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश के कई अन्य राज्यों में भी फैला हुआ है। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
