मेरठ 16 जनवरी (प्र)। खरखौदा क्षेत्र में बुधवार को प्रेमी जोड़े शिवांश (24) और सोनाली (23) ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। युवती के घर में उसकी हल्दी की रस्म होनी थी। शुक्रवार को उसकी शादी थी। युवक का भी दूसरी जगह रिश्ता तय हो गया था। जहर खाने के बाद बॉयफ्रेंड ने अपने घरवालों को फोन करके कहा- हम मरने जा रहे, ये मेरी आखिरी कॉल है। ये सुनकर युवक के परिजन घबरा गए। वो जब मौके पर पहुंचे तो दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे तड़प रहे थे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। लड़की ने भी थोड़ी देर बाद दम तोड़ दिया।
घटना खरखौदा थाना क्षेत्र की है। लड़की खरीदारी की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद उसने गांव के बाहर की सड़क पर प्रेमी को बुलाया। दोनों ने करीब 2 घंटे बातचीत की, फिर जहर खा लिया। 18 जनवरी को लड़की की शादी थी। एक साथ जीने की कसम खाई, एक साथ मरने की। दोनों का पोस्टमार्टम एक साथ हुआ। प्रेम युगल की मौत के बाद दोनों घरों में मातम पसरा है। दोनों परिवार बर्बाद हो गए हैं। न लड़का पक्ष कोई कुछ बोलना है न ही लड़की पक्ष का व्यक्ति कुछ बता पा रहा है। सब गमगीन हैं। जिससे भी बात करो वो बस यही बोल रहा कि दो परिवार बर्बाद हो गए। काश ये दोनों लड़की लड़के पहले घर वालों को कुछ बता देते। लड़की की शादी से तीन दिन पहले बेटी की अर्थी उठने वाले घर में कोहराम मचा है। वहीं, लड़के के घर पर भी मौत का चीत्कार मचा रहा। कोई समझ नहीं पा रहा कि ये हुआ तो हुआ क्या। दोनों प्रेमी प्रेमिका की लाशें मोर्चरी पर हैं।
अतराड़ा गांव के शिवांक (24) का दूसरे गांव की 23 साल की युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शिवांक की हार्डवेयर की दुकान है। युवती एक मेडिकल कॉलेज में काम करती थी। युवती के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी थी। 18 जनवरी को शादी और आज मेहंदी की रस्म थी।
युवती के परिजनों का कहना है कि वह घर से लहंगा देखने की बात कहकर निकली थी। कुछ लोगों ने लड़के-लड़की को गांव के बाहर की सड़क पर एक-दूसरे से बात करते हुए देखा था। पुलिस का कहना है कि युवक ही जहर लेकर आया था।
ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला है कि दोनों में करीब 3 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जिसके बारे में घर वालों को पता था। दोनों को मिलने से मना भी किया था।
सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि प्रेम प्रसंग में युवक-युवती ने जहरीला पदार्थ खाया था। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।