Monday, March 30

बात विश्व गुरू की, बन गए विश्व चेला: भगवंत मान

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 30 मार्च (प्र)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि मोदी सरकार महंगाई पर झूठ बोलती है। हर तरफ गरीबी है और किसान परेशान हैं। सरकार इसे छिपाने में लगी है। यह सरकार विश्व गुरु की बात करती रही लेकिन विश्व चेला बना दिया। देश क्या करेगा ये डोनाल्ड ट्रप तय करते हैं।

भगवंत मान रविवार को महाराजा सूरजमल की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में सकौती स्थित हितकारी किसान इंटर कॉलेज में आयोजित अंतरराष्ट्रीय जाट संसद में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि युद्ध कहीं चल रहा है, एलपीजी और तेल का संकट यहां झेलना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री कहते थे कि अमेरिका और इस्राइल उनका दोस्त है। अगर ऐसा है तो उन्होंने पहले क्यों नहीं बताया कि तेल और एलपीजी का भंडारण कर लो। ट्रंप कहते हैं कि रूस से एक महीने तेल खरीद की छूट है। खुद को मजबूत और एकजुट होकर ही विश्वगुरु बना जा सकता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए कहा कि हमें भी तो बता दीजिए कि कहां घूमने जा रहे हो, हम भी एक प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। दूसरों के कहने पर कभी अमेरिका से तेल खरीदिए, कभी रूस से तेल खरीदिए। आजादी दिलाने वाले महापुरुषों को भुलाया जा रहा है और जिंदा लोगों की प्रतिमाएं लग रही हैं। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण जनता पर आर्थिक और सामाजिक दबाव बढ़ रहा है। किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप हो रहा है। केंद्र सरकार को जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए। राज्यों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करना चाहिए। पंजाब में फसल एमएसपी पर बिकती है और किसान ट्रैक्टर लेकर घर बाद में पहुंचता है पहले मोबाइल पर फसल के पैसे आने का मेसेज आ जाता है। किसानों को पर्याप्त बिजली मिल रही है।

सकौती स्थित हितकारी किसान इंटर कॉलेज के प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय जाट संसद के तत्वावधान वीर शिरोमणि महाराजा सूरजमल की उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी प्रतिमा का अनावरण किया गया। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उन्हें याद किया गया। 50 से अधिक देशों के जाट इस समारोह में पहुंचे। जहां के जाटो को ओबीसी आरक्षण नहीं है वहां के जाटों को ओपीसी आरक्षण के लिए प्रयास समेत 11 प्रस्ताव तय किए गए।

अंतरराष्ट्रीय जाट संसद के संस्थापक अध्यक्ष रामावतार पलसानिया ने कहा कि महाराजा सूरजमल की यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं बल्कि समाज के आत्मसम्मान, वीरता और इतिहास की जीवंत पहचान है। कार्यक्रम का संचालन जाट संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी दांतल ने किया। यह प्रतिमा आकार में 20 फीट ऊंची है। इसकी लागत करीब 20 लाख रुपये है।

Share.

About Author

Leave A Reply