मेरठ 16 जनवरी (प्र)। जिला बदर अपराधी सलमान को कोतवाली पुलिस ने उसके इस्माईल नगर स्थित आवास पर बुधवार को दबोच लिया। आरोपी के घर आने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस से बचने को सलमान घर की छत से कूद गया। उसके पैर में चोट आई। फिलहाल सलमान को अस्पताल में मेडिकल के लिए भेजा है। सलमान की गिरफ्तारी के संबंध में अधिकारियों को सूचना भेजी गई है। उसके खिलाफ मेरठ समेत बाकी जगहों पर 15 मुकदमे दर्ज हैं।
कोतवाली के इस्माईल नगर निवासी सलमान कुख्यात अपराधी है। उस पर हत्या और कातिलाना हमले समेत हथियारों की तस्करी के मुकदमे दर्ज हैं। सलमान पिछले साल ही गाजियाबाद जेल से जमानत पर रिहा होकर बाहर आया था। आरोपी ने दोबारा से अपराधिक गतिविधियां शुरू कर दी। कोतवाली पुलिस ने सलमान को जिला बदर करने को रिपोर्ट डीएम को भेजी थी, जिसकी सुनवाई एडीएम सिटी कार्यालय में हुई। सलमान को 21 नवंबर 2024 प्रशासन ने छह माह के लिए जिला बदर किया था। 22 नवंबर को सलमान के घर पर जिला बदर का नोटिस चस्पा कर दिया गया।
23 नवंबर को सलमान की बुलंदशहर के सिकंदराबाद में बारात जानी थी। जिला बदर होने के कारण सलमान दिल्ली चला गया और वहीं से बुलंदशहर अपने निकाह में पहुंचा था। 26 नवंबर को सलमान का वलीमा कैसल व्यू मंडप में हुआ था, जिस दौरान भी सलमान नहीं आया था।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने उसके वलीमे में बैंक्वेट हॉल आने पर रोक लगा दी थी। जिसके बाद बिना दूल्हे के ही वलीमा हुआ था। कोतवाली पुलिस काे बुधवार को सूचना मिली कि सलमान कोतवाली के इस्माइल नगर में अपने घर पर है। पुलिस ने दबिश दी तो वह छत से कूदकर भागने लगा। पैर में फ्रेक्चर होने के बाद वह गिर गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सलमान की शारिक से है अदावत
सलमान और शारिक गैंग में गैंगवार चल रही है। गैंगवार में मेरठ में सात हत्या हो चुकी हैं। दोनों ही पक्ष एक दूसरे के जानी दुश्मन हैं। शारिक प्रदेश स्तर का चिन्हित माफिया है और फिलहाल सजायाफ्ता होने के बाद जेल में बंद है। सलमान की भी हत्या के मामले में सुनवाई हो रही है।