मेरठ 17 मार्च (प्र)। मेरठ के समर गार्डन से दो लड़कियां सलमा और रिदा (दोनों के बदले नाम) 24 फरवरी को अचानक लापता हो गईं। रिश्ते में मामा-बुआ की बेटियां हैं। दोनों के घर आधा किमी की दूरी पर हैं। दोनों लड़कियां बचपन की सहेली हैं। जबकि घरवालों के बीच पुरानी रंजिश है। परिवारों ने लापता बेटियों की हर जगह तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद दोनों परिवारों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस को अब तक लड़कियां नहीं मिली हैं। इसी बीच सलमा की मां ने बेटी की तलाश के लिए एसएसपी ऑफिस में अर्जी लगाई। इसके बाद कुछ लोगों ने सलमा पर समलैंगिकता का आरोप लगा दिया। सलमा की मां ने रिदा और उसके पिता पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया है।
मेरी बेटी के लिए गंदी बातें कही जा रही। वो तो लड़कों से भी दूर रहती है। किसी लड़के से बात नहीं करती, तो घटिया हरकत कैसे कर सकती है। हां, उसे लड़कों जैसे कपड़े पहनना, उनकी तरह चलना, रहना पसंद है। लेकिन, वो समलैंगिक नहीं है।
दूसरी लड़की के सौतेले पिता ने मेरी बेटी से छेड़छाड़ किया था। उसकी शिकायत भी की थी। उसी का बदला लेने के लिए वह बेटी का गलत इस्तेमाल कर रहा। 21 दिन से मैंने बेटी का चेहरा नहीं देखा, उसकी आवाज नहीं सुनी। मैं उससे मिलना चाहती हूं। मेरी बेटी जल्दी घर आ जा। तेरे अब्बू की तबीयत बहुत खराब है।
मां का कहना है कि बेटी 21 दिन से लापता है। उस पर समलैंगिक होने का आरोप लगाया जा रहा है।
सलमा की मां का कहना है कि दोनों बेटियां कहां गईं, हमें नहीं पता। बस रिदा से सलमा की सहेलियों वाली दोस्ती थी। रिदा के घर से हमारी नाराजगी चल रही थी। इसलिए मैं अपनी बेटी को वहां जाने से रोकती थी। क्योंकि रिदा की मां मेरी बेटी को बरगलाती थी। उसे गलत सलाह देती थी। रिदा के घर का माहौल भी अच्छा नहीं है। उसके सौतेले पिता हैं। उसकी मां की ये तीसरी शादी है। घर में आए दिन झगड़े होते रहते हैं। इसलिए मैं नहीं चाहती कि मेरी बेटी किसी गलत संगत में पड़े।
सलमा की मां ने कहा कि रिदा की मां मेरी फुफेरी बहन है। उनके घर में चाल-चलन खराब है। इसलिए मैं अपनी बेटी को उसके घर जाने से रोकती थी। उसके सौतेले पिता ने एक बार मेरी बेटी को छेड़ा था। इसकी शिकायत मैं पहले ही चौकी पर कर चुकी हूं।तब पुलिस ने चेतावनी देकर उसे छोड़ा था। तभी से उसका पिता मेरी बेटी से चिढ़ता था। उससे बदला लेना चाहता था। वो जानता है कि मेरी बेटी, रिदा की बात मानती है। रिदा के जरिए बेटी को वश में करके उसका फायदा उठाया है।