अमरोहा 01 अगस्त। अमरोहा में हाथ पर सुसाइड नोट लिखकर छात्रा ने जान दे दी। वह गुरुवार रात अपने घर में फंदे से लटक गई। उसने हाथ पर लिखा- सब अरुण की गलती से हुआ है। मेरी मौत का जिम्मेदार सिर्फ अरुण है। मैंने एक और सुसाइड नोट लिखा है, जो भी उसे देखे फाड़े नहीं। परिजनों के मुताबिक, बेटी को गांव के दो सगे भाई परेशान करते थे।
दोनों ने उसका एक वीडियो बनाकर गांव में सबको दिखाया था, जिसमें वो चचेरे भाई के साथ बाइक पर बैठकर जा रही थी। दोनों ने वीडियो वायरल न करने के बदले 60 हजार रुपए मांगे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। दोनों भाइयों पर केस दर्ज किया है। घटना सैदनगली के देहरा मिलक गांव की है।
छात्रा की भाभी मोनिका ने बताया रुचि ने गुरुवार रात हम सभी लोगों के साथ खाना खाया था। फिर वो कमरे में सोने चली गई थी। आज सुबह मैं रुचि (26) को कमरे में उठाने गई तो उसका पंखे से लटका शव दिखाई दिया। मैंने तुरंत घर के बाकी लोगों को बुलाया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
गांव के अरुण (25) और सुशील (34) उसे लगातार परेशान करते रहते थे। वह दोनों सगे भाई हैं। अरुण गांव में ही ऑनलाइन फॉर्म भरवाने का काम करता है। वहीं, सुशील नोएडा में प्राइवेट जॉब करता है। दोनों का घर हमारे घर से 50 मीटर की दूरी पर है।
गांव के अरुण और सुशील मेरी ननद को बहुत परेशान करते थे। मेरी ननद अपने चचेरे भाई के साथ एक बार बाइक से किसी काम से जा रही थी। तभी इन दोनों ने उसकी वीडियो बना ली थी। तब से ये दोनों उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। उससे पैसे मांगते, कहते, हमारे साथ संबंध बनाओ नहीं तो वीडियो सबको दिखा देंगे।
कुछ समय तक तो मेरी ननद ने पैसे दिए। लेकिन फिर इन दोनों ने उससे 60 हजार रुपए मांगे। जब ननद ने मना कर दिया तो इन लोगों ने उसका वीडियो गांव के लोगों को दिखा दिया। इस बात से मेरी ननद बहुत परेशान रहने लगी थी। ये सब 1 साल से चला आ रहा था। रुचि बीए कर चुकी थी। वह बीते एक दो साल से रेलवे विभाग में टीजीटी की तैयारी कर रही थी।
थानाध्यक्ष विकास सेहरावत ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी अरुण और उसके भाई सुशील के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।