Monday, August 11

यूपी के नए मुख्य सचिव एस पी गोयल ने कार्यभार सँभाला

Pinterest LinkedIn Tumblr +

लखनऊ 01 अगस्त। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल ने लोक भवन स्थित कार्यालय में राज्य के नए मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया और प्रदेश को विकास के नए शिखर तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

एसपी गोयल ने कहा कि राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस और जीरो करप्शन नीति को जमीन पर उतारने के लिए पूर्ण रूप से समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास, आर्थिक प्रगति और समयबद्ध परियोजना क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकताएं रहेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने का लक्ष्य लेकर काम होगा। उन्होंने प्रदेश को औद्योगिक हब बनाने और युवाओं को बेहतर भविष्य देने की प्रतिबद्धता जताई।

एसपी गोयल प्रदेश के मुख्य सचिव के साथ ही अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आइआइडीसी) का भी कार्यभार संभालेंगे। इसके साथ ही उनके पास अपर मुख्य सचिव समन्वय, अध्यक्ष पिकप, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीडा एवं उपशा तथा परियोजना निदेशक यूपीडास्प का भी पदभार रहेगा। मुख्य सचिव रहते मनोज कुमार सिंह भी आइआइडीसी का दायित्व संभाल रहे थे। गोयल के मुख्य सचिव बनने के बाद अब प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद के पास वर्तमान पद के साथ ही प्रमुख सचिव राज्य संपत्ति एवं नागरिक उड्डयन का भी अतिरिक्त प्रभार रहेगा।

एसपी गोयल के मुख्य सचिव पद पर आसीन होने के बाद अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री का पद खाली हो गया है। उनके पास रहे कई विभागों को फिलहाल प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद को सौंपा गया है। अब मुख्यमंत्री सचिवालय में भी कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती हो सकती है।

Share.

About Author

Leave A Reply