मेरठ 06 सितंबर (प्र)। नगर निगम कार्यकारिणी समिति की उपाध्यक्ष विमला वाल्मीकि सहित छह सदस्यों का कार्यकाल एक सितंबर को समाप्त हो गया है। अब छह नए सदस्यों का चुने जाएंगे। 10 सितंबर को बोर्ड बैठक होनी है। पार्षदों में कार्यकारिणी समिति के चुनाव को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि अभी चुनाव कराने की घोषणा नहीं हुई, जिससे बोर्ड बैठक से पहले चुनाव के आसार नहीं हैं।
नगर निगम अधिनियम के अनुसार निगम कार्यकारिणी समिति में 12 सदस्य होते हैं। प्रति वर्ष छह सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होता है। पहली बार लाटरी के माध्यम से छह सदस्यों की सेवानिवृत्ति की जाती है। इसके बाद प्रति वर्ष पुराने छह सदस्यों का कार्यकाल स्वतः समाप्त हो जाता है और नए सदस्य बने रहते हैं।
नगर निगम बोर्ड के गठन के बाद कार्यकारिणी समिति के 12 सदस्यों के लिए पहला चुनाव सितंबर 2023 में हुआ था। इसके बाद वर्ष 2024 में लाटरी के माध्यम से छह सदस्यों को सेवानिवृत्त किया गया था। जो छह सदस्य बचे थे उनका कार्यकाल एक सितंबर 2025 को समाप्त हो गया है जिसमें भाजपा पार्षद संजय सैनी, पवन चौधरी, पूनम गुप्ता और कार्यकारिणी समिति की उपाध्यक्ष विमला वाल्मिकी और सपा से पार्षद राहतजहां व एआइएमआइएम के पार्षद फजल करीम शामिल हैं। इन छह सदस्यों की जगह अब नए सदस्य चुने जाएंगे। गौर करने वाली बात यह है कि नगर निगम की कार्यकारिणी समिति में भाजपा के आठ सदस्य थे, छह सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने पर भाजपा के चार सदस्य कम हो गए हैं। अब चार सदस्य ही बचे हैं। जबकि सपा के दो सदस्य बचे हैं।
ये सदस्य बने रहेंगे
कार्यकारिणी में छह सदस्य अगले साल तक बने रहेंगे, उनमें भाजपा से पार्षद अनिल वर्मा, संदीप रेवड़ी, दीपिका शर्मा, नरेश कश्यप और सपा से पार्षद कुलदीप उर्फ कीर्ति घोपला व इकरामुद्दीन शामिल हैं।
महापौर हरिकांत अहलूवालिया का कहना है कि कार्यकारिणी समिति के छह सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो गया है। जिसमें कार्यकारिणी उपाध्यक्ष भी हैं। नए सदस्यों के चुनाव के लिए जल्द तारीख घोषित की जाएगी। फिलहाल 10 सितंबर को बोर्ड बैठक प्रस्तावित है।
