Monday, January 26

दिनभर बर्फीली हवाओं ने कंपाया, दो दिन कड़ाके की ठंड का अलर्ट

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 03 जनवरी (प्र)। कड़ाके की सर्दी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक शीतलहर और तीखी ठंड का अलर्ट जारी किया है। ठंडी हवाओं और गिरते तापमान के कारण सुबह-शाम घरों से निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं रात के समय ठंड का असर और अधिक बढ़ रहा है। शुक्रवार को भी दिनभर धूप नहीं निकली। कुछ सेकेंड सूरज दिखने से जगी उम्मीदों पर कोहरे ने पानी फेर दिया। चार किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाओं ने हाड़ कंपा दिए। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद बर्फीली हवाओं ने राहत को बेअसर कर दिया।

शुक्रवार को मेरठ में दिन-रात के तापमान क्रमश: 16.1 एवं 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुए। गुरुवार रात मेरठ में दिसंबर में सबसे गर्म रही। आज से रात के तापमान में गिरावट की उम्मीद है और यह छह-सात डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। गुरुवार के सापेक्ष दिन-रात के तापमान में क्रमश: 1.2 एवं 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। इससे दिन के तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम जबकि रात के 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक बने हुए हैं। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे ठंडी रात बाराबंकी और हरदोई में रही। यहां न्यूनतम तापमन छह डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में सबसे ठंडा शहर बरेली रहा। यहां तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बर्फीली हवाओं से शुक्रवार को मेरठ का एक्यूआई 214 दर्ज हुआ जो बीते 23 दिन में सबसे कम हैं। शुक्रवार को इसमें 105 अंकों का सुधार हुआ। रात नौ बजे मेरठ में गंगा नगर केंद्र पर प्रदूषक मध्यम श्रेणी 172 में पहुंच गए। जयभीम नगर 228 और पल्लवपुरम 224 दिल्ली रोड 201 बेगमपुल – 225 में भी प्रदूषकों के स्तर में व्यापक कमी दर्ज की गई। आज तीनों केंद्र पर हवा की गुणवत्ता में और सुधार की उम्मीद है।

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम के मिजाज में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। उन्होंने लोगों को गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

Share.

About Author

Leave A Reply