Monday, January 26

धार्मिक स्थल की बुर्जी, मीनार क्षतिग्रस्त कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश

Pinterest LinkedIn Tumblr +

परीक्षितगढ़ 20 जनवरी (प्र)। सोमवार रात को असामाजिक तत्वों ने चितमाना अगवानपुर संपर्क मार्ग स्थित धार्मिक स्थल की बुर्जी, मिम्बर, मीनार को तोड़कर माहौल खराब करने की कोशिश की ग्राम प्रधान और जिम्मेदार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए असामाजिक तत्वों के मंसूबे पूरे नहीं होने दिए और माहौल खराब होने से बचा लिया। मौके पर भारी पुलिस बल और तहसील प्रशासन अधिकारी भी पहुंचे। सीओ सदर देहात ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। घटना का खुलासा करने पर पुलिस टीम को सम्मानित करने की बात कही।

गांव चितमाना शेरपुर अगवानपुर में हिंदू-मुस्लिमों की बराबर आबादी है। दोनों वर्गों में माहौल सौहार्दपूर्ण है। गांव के संपर्क मार्ग स्थित एक धार्मिक स्थल को शरारती तत्वों द्वारा तीन बार क्षतिग्रस्त कर गांव का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा चुका है। सोमवार की रात असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक स्थल की मिम्बर, बुर्जी व मीनार को क्षतिग्रस्त कर गांव में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया, लेकिन ग्राम प्रधान नुरूल्ला खां ईदगाह मुंतलिब नेताजी इंतजार अली, एडवोकेट इश्तियाक अहमद आदि ने सूझबूझ का परिचय देते हुए गांव का माहौल खराब होने से बचाया। उन्होंने लोगों को समझाया कि पंचायत चुनाव के दौर में कुछ लोग माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से संयम बरतने की अपील की।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश
इसकी खबर पुलिस प्रशासन को मिलने पर सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष सुदीश कुमार सिरोही पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली। इस दौरान सीओ सदर देहात ने कहा गांव का माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए टीम गठित कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जाएगी। पुलिस असामाजिक तत्वों की कुंडली खंगाल रही है। तहसील प्रशासन से नायब तहसीलदार अंकित तोमर, क्षेत्रीय लेखपाल शिव कुमार भी पहुंचे और जांच पड़ताल की।

पूरे गांव को समझदारी दिखानी होगी : इश्तियाक अहमद
एडवोकेट इश्तिायक अहमद ने ग्रामीणों से कहा कि प्रधान चुनावी का दौर चल रहा है। ऐसे में असमाजिक तत्व माहौल खराब होने की कोशिश कर सकते हैं। सभी ग्रामीणों को समझदारी से काम लेना होगा। हमें आपसी सौहार्द की मिसाल कायम रखनी है कोई भी व्यक्ति गांव का माहौल खराब करने का प्रयास न करे। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे पुलिस : प्रधान
ग्राम प्रधान नूरउल्ला खां, नेताजी इंतजार अली, इश्तियाक अहमद ने कहा कि असामाजिक तत्वों द्वारा तीसरी बार ईदगाह को क्षतिग्रस्त कर गांव का माहौल खराब करने का प्रयास किया गया है। जिससे मुस्लिम समाज के लोगों में रोष है लेकिन गांव के समझदार लोग उन्हें मंसूबों में कामयाब नहीं होने दे रहे पुलिस प्रशासन को भी इसे गंभीरता से लेकर आरोपियों का पता लगाकर जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। जल्द खुलासा करने पर गांव की ओर से पुलिस को सम्मानित भी किया जाएगा।

Share.

About Author

Leave A Reply