मेरठ 29 जनवरी (प्र)। बडौत मार्ग पर खिवाई के समीप पेट्रोल से भरा टैंकर पलट गया। टैंकर के पलट जाने से बड़ा हादसा टल गया। दो क्रेन बुलाने के बाद करीब सात घंटे बाद टैंकर को सीधा किया गया, जब तक सड़क पर भी काफी पेट्रोल बह चुका था। साथ ही बडौत मार्ग पर भी करीब सात घंटे बंद कर यातायात डायवर्ट किया गया था।
टैंकर के उठने के बाद सड़क पर पेट्रोल बिखरा होने से कई दोपहिया वाहन भी गिर गए थे। तत्काल ही पुलिस ने दकमल की दो गाड़ियों को बुलाकर सड़क की धुलाई कराई। टैंकर में आग न लगे इसलिए दमकल की गाड़ियां भी मौके पर मौजूद रखी गई।
लालकुर्ती के तापखाना निवासी कमल पूठा स्थित इंडियन ऑयल डिपो से टैंकर में पेट्रोल भरकर बागपत के दाहा गांव स्थित पंप पर जा रहा था। बुधवार की शाम तीन बजे अचानक ही बडौत मार्ग पर खिवाई गांव के समीप टैंकर पलट गया। टैंकर में भरा पेट्रोल भी रिसाव करने लगा।
तभी सरूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। तत्काल ही बडौत मार्ग पर खिवाई के पास से यातायात डायवर्ट कर दिया। साथ ही दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। ताकि टैंकर में भरे पेट्रोल में आग न लग सकें। पुलिस ने करीब दो सौ मीटर दूरी पर ही लोगों को टैंकर के पास जाने से रोक दिया था।
क्रेन बुलाकर टैंकर को सीधा करने का प्रयास किया। उसके बाद भी सीधा नहीं हो पाया। फिर दूसरी क्रेन को बुलाया गया। दो क्रेन लगाकर ही टैंकर को रात करीब दस बजे उठाया गया। उसके बाद टैंकर वहां से निकल गया। टैंकर के चले जाने के बाद यातायात खोल दिया था।
पेट्रोल सड़क पर पड़ा होने की वजह से कई वाहन भी फिसल गए। एसओ गौरव कुमार ने बताया कि दमकल की गाड़ियों से पानी डालकर सड़क की धुलाई कराई गई। उसके बाद ही रात करीब साढ़े दस बजे यातायात सुचारू किया गया।
