Friday, February 13

प्रधानमंत्री मोदी के मेरठ दौरे की तैयारी में जुटा पुलिस-प्रशासन

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 13 फरवरी (प्र)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी मेरठ दौरे को लेकर जिले में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। 22 फरवरी को प्रधानमंत्री द्वारा रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो के उद्घाटन के बाद विशाल जनसभा को संबोधित किया जाना प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है।

गुरुवार को एडीजी भानु भाष्कर, कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वमी, डीआईजी कलानधि नैथानी, डीएम डॉ.वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय ने एनसीआरटीसी के एमडी शलभ गोयल के साथ मोहिउद्दीनपुर स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा घेरे, मंच की स्थिति और लोगों के बैठने की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो भारत के मेरठ कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। इस तरह रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो के पूरे खंड का औपचारिक लोकार्पण होगा।

पुलिस, प्रशासन और एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 23 किलोमीटर के रैपिड/मेट्रो कॉरिडोर का जायजा लिया। अधिकारियों ने इस दौरान मेरठ मेट्रो से यात्रा कर रैपिड रेल कॉरिडोर को देखा। सुरक्षा-व्यवस्था, उद्घाटन के दिन भीड़ की स्थिति का भी आंकलन किया गया।

अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री 22 फरवरी को पूर्वाह्न करीब 11.30 हेलीकाप्टर से मोहिउद्दीनपुर आएंगे। वहां मेरठ साउथ स्टेशन पर नमो भारत ट्रेन के विस्तार खंड और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नमो भारत या मेरठ मेट्रो में सवार होंगे। उनके साथ 100 स्कूली बच्चे भी रहेंगे। मेरठ साउथ स्टेशन से मोदीपुरम तक 23 किमी का सफर करेंगे। मोदीपुरम से वापस हाईस्पीड ट्रेन से मोहिउद्दीनपुर आएंगे, जहां दोपहर करीब एक बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद दोपहर दो से 2.30 बजे के बीच हेलीकाप्टर से ही दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

Share.

About Author

Leave A Reply