Monday, February 16

तैयारियां परखने के लिए 21 फरवरी को मेरठ आएंगे सीएम योगी

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 16 फरवरी (प्र)। सीएम योगी आदित्यनाथ आगामी 21 फरवरी को मेरठ में आकर प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा तथा तैयारियों को फाइनल टच देंगे।
पूरा प्रशासन व पुलिस अमला तैयारियों को अमली जामा पहनाने में पूरे जोर-शोर से जुटा हुआ है। वर्तमान समय की बात करें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मेरठ विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। क्योंकि आगामी 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी दिन मेरठ वासियों को नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो की सौगात दे रहे हैं। इसके बाद यात्री 1 घंटे से भी कम समय में 160 किलोमीटर घंटे की प्रति स्पीड से मेरठ के बेगमपुल स्टेशन से दिल्ली सराय काले खां तक सफर कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए 21 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ आ रहे हैं।

बताया जाता है कि प्रधानमंत्री 22 फरवरी को सुबह 11.25 बजे नई दिल्ली से हेलिकाप्टर द्वारा शताब्दी नगर स्टेशन के समीप बनाए जा रहे हेलीपैड पर पहुंचेंगे। उनके लिए मोहकमपुर में वर्धमान प्रिंटलाइन के पास हेलीपैड बनाए जा रहे है। प्रधानमंत्री यहां से कार द्वारा शताब्दी नगर स्टेशन पहुंचेंगे। शुभारंभ कार्यक्रम के बाद वह मेरठ मेट्रो में सवार होंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मेरठ के जनप्रतिनिधि व स्कूली बच्चे सफर करेंगे। मेरठ मेट्रो से मेरठ साउथ स्टेशन पर पहुंचकर कार द्वारा मोहिउद्दीनपुर में जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर एडीजी भानु भास्कर, कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी, डीआइजी कलानिधि नैथानी, डीएम डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, मेडा के उपाध्यक्ष संजय मीना अफसरों ने स्टेशनों व रैली स्थल का निरीक्षण भी किया।

ग्रीन कॉरिडोर की नहीं पड़ेगी जरूरत
अभी तक देखने को मिलता है कि गंभीर मरीजों को दिल्ली पहुंचने के लिए कई बार ग्रीन कॉरिडोर बनाने की भी आवश्यकता पड़ती है, क्योंकि काफी समय दिल्ली पहुंचने में लगता है। ऐसे में जब नमो भारत का संचालन मेरठ के बेगम पुल स्टेशन से हो जाएगा, तब न्यूनतम किराए में ही मरीजों को दिल्ली भी ले जाया जा सकेगा।

बेगम पुल पर चार फ्लोर का स्टेशन
बेगमपुल स्टेशन की अगर खासियत की बात की जाए, तो मुख्य मार्ग से लगभग 65 फीट नीचे 246 मीटर लंबा, 24.5 मीटर चौड़ा बेगमपुल स्टेशन, कॉरिडोर के बड़े स्टेशनों में से एक है। चार फ्लोर का यह स्टेशन अपने आप में आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यहां हर तरह की वह सुविधा यात्रियों को उपलब्ध कराई गई है। ऐसे में यहां चार द्वार बनाए गए है, जहां से यात्री आना और जाना कर सकते हैं। इसके साथ-साथ इस स्टेशन पर मशीन और टिकट काउंटर बनाए गए हैं।

Share.

About Author

Leave A Reply