मेरठ 30 मार्च (प्र)। शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। चार-पांच घंटे तक इंतजार करने के बाद भी लोग खाली हाथ लौटने को विवश हैं। लोगों के अनुसार, एजेंसी पर कहा जाता है कि सिलिंडर घर पहुंच जाएगा, लेकिन बुकिंग कराने के एक-एक सप्ताह बाद तक भी होम डिलीवरी नहीं हो रही।
रविवार सुबह करीब आठ बजे बागपत रोड स्थित आभा गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतार लगी थी। यहां खड़े मलियाना के हर्ष गोयल ने बताया कि अभी एजेंसी नहीं खुली है, सुबह छह बजे से लाइन में लगे हैं। पहले भी गैस बुक कराने आ चुके यहां कभी सर्वर डाउन होने की बात कही जाती है तो कभी अन्य कारण बता दिए जाते हैं। आनलाइन बुकिंग भी नहीं हो रही। वहीं कुछ उपभोक्ताओं का कहना था कि बुक होने के बाद भी सिलिंडर मिलने की कोई गारंटी नहीं है।
गणेशपुर की डोली ने बताया कि जद्दोजहद के बाद बुकिंग करा भी ली तो बाद में गोदाम पर जाकर सिलिंडर के लिए फिर से लाइन में लगना पड़ेगा। परिवार में 20 दिन ही सिलिंडर चलता है। समय पर सिलिंडर नहीं मिलने पर लकड़ियों और उपलों से खाना बनाना पड़ रहा है। शिवपुरम के सत्यप्रकाश का कहना था कि 25 दिन पहले गैस बुक कराई थी, लेकिन गोदाम से सिलिंडर ही नहीं मिला। अब फिर से बुकिंग कराने आया है।
सूर्या पैलेस स्थित तिरंगा गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने के लिए लाइन में खड़े रामनरेश ने बताया कि वह शनिवार को भी आए थे. लेकिन जब तक नंबर आया सिलिंडर खत्म हो चुके थे। रविवार को गाड़ी आने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। अब सुबह छह बजे से लाइन में खड़े हैं, कह नहीं सकते कि सिलिंडर मिलेगा या नहीं। विजयंत गैस एजेंसी के बाहर लाइन में लगे बुजुर्ग नरेशपाल थककर नीचे बैठ जाते हैं। एजेंसी मालिक को कोसते हुए कहते हैं कि दो दिन से सिलिंडर लेने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन गैस ही बुक नहीं हो रही ।
कामर्शियल सिलिंडरों का भी टोटा
जिला प्रशासन का दावा है कि एजेंसियों को कामर्शियल सिलिंडर मिल रहे हैं, लेकिन पल्लवपुरम निवासी ढाबा संचालक मनोज श्रीवास्तव ने बताया, पहले जहां सप्ताह में उन्हें दो सिलिंडर मिल जाते थे, अब 15 दिन में एक ही मिल रहा है।
