मेरठ 02 अप्रैल (प्र)।आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ जिला क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग का फाइनल मुकाबला बुधवार को आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर खेला गया। खिताबी भिड़ंत में मेरठ कैंट कमांडोज़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर को 81 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मेरठ कैंट कमांडोज़ ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 233 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अक्षु बाजवा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 66 रन की अहम पारी खेली। प्रिंस यादव ने 41 और अंकुर चौहान ने 22 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर की टीम की शुरुआत तेज रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। कप्तान हर्ष त्यागी ने 68 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। पूरी टीम 16 ओवर में 152 रन पर सिमट गई। मेरठ कैंट कमांडोज़ की ओर से गेंदबाजी में प्रिंस यादव, अक्षु बाजवा और रूद्र ने दो-दो विकेट हासिल किए, पृथ्वीराज अंकुर को एक-एक विकेट मिला।
विजेता टीम को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह व आईआईएमटी विवि के वाइस चांसलर ने ट्रॉफी प्रदान की।
मैन ऑफ द मैच: अक्षु बाजवा
फाइटर ऑफ द मैच: हर्ष त्यागी
मोस्ट इकोनॉमिकल बॉलर: अक्षु बाजवा
बेस्ट स्ट्राइकर: यशु प्रधान
बेस्ट फील्डर: वर्दित छोकर
मोस्ट सिक्सर: हर्ष त्यागी
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रियम गर्ग (शुभम स्मैशर्स) को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं, पर्पल कैप सुनील कुमार और ऑरेंज कैप ईशु शर्मा को मिली।
