Wednesday, April 22

भाजपा नेता रोबिन मोरल ने भांजी की शादी में की हर्ष फायरिंग, गाड़ी में मिले अवैध हथियार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मवाना (मेरठ) 22 अप्रैल (प्र)। भाजपा नेता रोबिन मोरल ने शादी के बाद भांजियों की विदाई समारोह में अवैध हथियारों से करीब 15 राउंड हर्ष फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट से परेशान होकर ग्रामीणों ने यूपी-112 पर काल कर पुलिस को सूचना दे दी। मटौर चौकी से पुलिस बल के पहुंचने पर हर्ष फायरिंग करने वाला रोबिन मोरल साथियों संग स्कार्पियो छोड़कर भाग गया। स्कार्पियो से अवैध हथियार बरामद हुए हैं।

मवाना के भिड़वारा गांव निवासी किसान राजेंद्र सिंह की दो बेटियों की सोमवार को बरात आई थी। एक बरात हुमायूंपुर और दूसरी करीमपुर भंडोरा से आई थी। राजेंद्र सिंह का साला हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के नानपुर निवासी रोबिन मोरल भात भरने (एक तरह का नेग) के लिए आया था। रोबिन वर्तमान में बागपत रोड स्थित इंद्रापुरम कालोनी में रहता है। रोबिन के साथ स्कार्पियो में उसके साथी भी थे। रात नौ बजे दोनों ही बेटियों की विदाई हो रही थी. इसी बीच रोबिन और उसके साथियों ने अवैध असलाह से करीब 15 राउंड फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट से भिड़वारा गांव की गलियां गूंज उठीं।
इससे परेशान गांव के लोगों ने यूपी 112 पर काल कर हर्ष फायरिंग की सूचना दे दी। पुलिस चौकी से दारोगा ज्ञानेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस के पहुंचने पर हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपित स्कार्पियो छोड़कर भाग गए।

पुलिस ने स्कार्पियो को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसमें 32 बोर की एक पिस्टल, तीन तमंचे और सात कारतूस बरामद हुए। दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद हुआ। हरियाणा के फरीदाबाद नंबर की स्कार्पियो रोबिन मोरल के नाम पर रजिस्टर्ड है। स्कार्पियो के पीछे शीशे पर गढ़मुक्तेश्वर से भाजपा के ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी रोबिन मोरल का पोस्टर लगा था।

भाजपा का झंडा लगी स्कार्पियो के अगले शीशे पर भाजपा से खरखौदा मंडल अध्यक्ष लिखा हुआ था। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि दारोगा की तरफ से रोबिन मोरल और उसके साथियों पर हर्ष फायरिंग और अवैध हथियार रखने का मुकदमा दर्ज कराया गया है।

हापुड़ से मवाना पहुंच गई हथियारों से भरी स्कार्पियो
भाजपा का झंडा और पोस्टर लगाकर स्कार्पियो में अंदर तीन तमंचे, एक पिस्टल और कारतूस लेकर हापुड़ से रोबिन अपने साथियों के संग मवाना तक पहुंच गया। हापुड़ के नानपुर से मवाना तक पहुंचने में कई थाने और पुलिस चौकियां पड़ती हैं। उसके बाद भी पुलिस ने न तो कहीं स्कार्पियो को रोका और न ही उसकी तलाशी ली। गांव में दिनभर हथियारों का प्रदर्शन करता रहा लेकिन उस समय लोगों की सूचना के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। स्कार्पियो का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद ही पुलिस की नींद टूटी और मामले में संज्ञान लेकर एफआइआर दर्ज की।

एसएसपी अविनाश पांडेय का कहना है कि रोविन मोरल के अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपितों की धरपकड़ के लिए दो टीमें बना कर नानपुर और इंद्रापुरम में दबिश डाली जा रही है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।

भिड़वारा में दिनभर चलता रहा अवैध हथियारों का प्रदर्शन
रोबिन मोरल और उसके साथी दिनभर भिड़वारा गांव में अवैध हथियारों का प्रदर्शन करते रहे। भात भरते समय घर के अंदर आठ से दस राउंड फायरिंग की। चलती स्कार्पियो में खिड़की से बाहर तमंचे और पिस्टल निकालकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने दिन में भी पुलिस चौकी पर सूचना दी थी लेकिन पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। एक दो सिपाही आए और चक्कर लगाकर चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि हर्ष फायरिंग करने वालों ने शराब पी रखी थी। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। उधर, भाजपा के खरखौदा मंडलाध्यक्ष चंदपुरा गांव निवासी मुनेंद्र मावी ने कहा कि उनके पास स्कार्पियो नहीं है। उनका पदनाम क्यों प्रयोग किया गया, वह नहीं जानते। पुलिस जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे।

Share.

About Author

Leave A Reply