Tuesday, October 14

सरधना में व्यापारी की पत्नी पर बरसाईं गोलियां, सिर और पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 13 अक्टूबर (प्र)। सरधना में रविवार सुबह दिन निलकते ही एक नकाबपोश बदमाश ने अशोक स्तंभ पुलिस चौकी के निकट एक व्यापारी के घर में घुसकर उनकी पत्नी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। महिला को एक गोली सिर और दूसरी पैर में लगी। वारदात अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मोहल्ला आजादनगर में कॉस्मेटिक व्यापारी मुकेश चंद गोयल अपनी 40 वर्षीय पत्नी सीमा के साथ अकेले रहते हैं। उनकी पहली पत्नी की मौत हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने मुरादबाद निवासी सीमा से दूसरी शादी की। रविवार सुबह करीब साढ़े सात मुकेश दुकान पर चले गए। घर पर सीमा अकेली थी। इस बीच एक नकाबपोश युवक घर में घुस आया और सीमा पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। सीमा को एक गोली सिर और दूसरी पैर में लगी। सीमा घायल हो गई और उसने खुद ही पति मुकेश को फोन कर घटना की जानकारी दी। मुकेश अन्य परिजनों के साथ घर पहुंचे और सीमा को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने घायल को मेरठ रेफर कर दिया, जिसके बाद मोदीपुरम के अस्पताल भर्ती कराया गया। वारदात की जानकारी पर एसपी देहात अभिजीत कुमार व सीओ आशुतोष कुमार मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मुकेश चंद की तहरीर पर अज्ञात हमलावर पर केस दर्ज कर लिया है।

व्यापारियों में रोष
घटना के तुरंत बाद सरधना व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज जैन, पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के महामंत्री ललित गुप्ता, डा. ओमकार पुंडीर, आलोक जैन, डा. शाकिर मौके पर पहुंचे और रोष जताया।

व्यापारी मुकेश चंद गोयल के मकान के नीचे ही एक दुकान बनी है, जिसमें फिलहाल काउंटर बनाने का काम हो रहा है। दुकान पर शटर लगा है और बराबर में ही सीढ़ियां हैं। सुबह मुकेश सात बजे अपने दूसरी दुकान पर चले गए थे। इसके बाद घर के नीचे से इन्हीं सीढ़ियों से हमलावर घर में घुसा और दूसरी मंजिल पर मकान में पहुंच गया। करीब 8.45 बजे सीमा को गोली मारी गई। सीमा ने पति मुकेश को 8.57 बजे कॉल कर घटना की जानकारी दी। तीन मिनट में ही मुकेश चंद गोयल मौके पर पहुंच गए। बड़ा सवाल ये है कि हमलावर घर में कैसे घुसा?

दिनदहाड़े हुई वारदात और ताबड़तोड़ गोलीबारी के चलते लोग दहशत में है। आरोपी आसानी से घर में घुसा और घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस मुकेश चंद के घर के आसपास लगे सीसीटीवी खंगालने में जुटी हुई थी।

Share.

About Author

Leave A Reply