मेरठ 15 अप्रैल (प्र)। अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने आगामी अमरनाथ यात्रा 2026 की घोषणा कर दी है। यह यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी और 28 अगस्त को समापन होगा। 57 दिन चलने वाली इस यात्रा के लिए 15 अप्रैल से पंजीकरण शुरू हो जाएंगे। इस यात्रा में प्रतिदिन 15 हजार शिव भक्तों को बाबा बर्फानी के दर्शन करने का सौभाग्य मिलता है।
सोमवार को अमरनाथ यात्री सेवा समिति के पदाधिकारियों ने दिल्ली रोड मंगतपुरम स्थित अमरनाथ भवन में तैयारियों के क्रम में पहली बैठक आयोजित की। समिति के अध्यक्ष महेश मित्तल व महामंत्री विशाल गर्ग ने बताया कि इस बार समिति द्वारा बाबा बर्फानी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए शेषनाग में 30वां विशाल भंडारा आयोजित होगा।
अमरनाथ यात्रियों के लिए पहलगाम मार्ग पर शेषनाग में पहला पड़ाव होता है। बाबा बर्फानी के दर्शन करने वाले शिव भक्तों के लिए भंडारा 57 दिनों तक निरंतर चलेगा। इसके पहले 21 जून को शहर में बाबा बर्फानी की शोभायात्रा निकाली जाएगी।
यह शोभायात्रा दिल्ली रोड मंगतपुरम स्थित अमरनाथ भवन से शुरू होगी और दिल्ली रोड, मेट्रो प्लाजा, बेगमपुल होते हुए बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। 24 जून को भंडारे की खाद्य सामग्री से भरा पहला ट्रक शेषनाग के लिए रवाना होगा। इसके अगले दिन समिति से पहले ग्रुप का प्रस्थान होगा। बैठक में संजय शर्मा, दिनेश मित्तल, नवनीत, अवधेश व अन्य मौजूद रहे।
समिति के कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के लिए दो प्रकार से आवेदन किए जा सकते हैं। श्रद्धालु स्वयं अमरनाथ श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं या इसके अलावा जम्मू-कश्मीर बैंक के माध्यम से फार्म भरकर जमा कर सकते हैं। दोनों ही आवेदन प्रक्रिया में मेडिकल सर्टिफिकेट अनिवार्य है।
